नरयावली।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर और आगामी अटल जयंती तथा पार्टी कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर बुधवार को नरयावली विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने भाजपा मकरोनिया ग्रामीण मण्डल के शक्ति केंद्र सिदगुवां और सानोधा पर बैठक आयोजित की। बैठक में भाजपा जिला उपाध्यक्ष, मण्डल अध्यक्ष, महामंत्री, संयोजक, सहसंयोजक, योजना प्रभारी, मीडिया प्रभारी सहित वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

शक्ति केंद्र स्तरीय बैठक को संबोधित करते हुए विधायक लारिया ने कहा कि मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार ने दो वर्ष में अद्वितीय कार्य किए हैं और पार्टी कार्यकर्ताओं को यह उपलब्धियां जनता तक पहुंचाने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे संगठन कार्यों में पूरी तरह समर्पित रहें और बूथ स्तर पर जनता तक सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को संगोष्ठियों, बैठकों और संपर्क अभियानों के माध्यम से पहुंचाएँ।

विधायक लारिया ने बताया कि यह वर्ष पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी का शताब्दी वर्ष है, जिसे पूरे सम्मान और गौरव के साथ मनाया जा रहा है। उनके जन्मदिवस 25 दिसंबर को प्रदेश भर में बूथ स्तर पर सुशासन दिवस के रूप में मनाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इस बार ‘मन की बात’ कार्यक्रम के पश्चात 15 मिनट तक प्रदेश एवं केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा होगी। पिछले दो वर्षों में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सरकार, पिछले तीन महीनों में कैबिनेट और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नेतृत्व वाली केंद्र सरकार द्वारा किए गए जनकल्याणकारी कार्यों को जनता तक पहुंचाया जाएगा। विधायक ने कहा कि सभी मिलकर जनहित की योजनाओं और कार्यक्रमों को पूर्ण सफलता दिलाएँगे।