नरसिंहपुर।
नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव क्षेत्र में गुरुवार सुबह नहर के मोड़ पर एक बस संचालक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 45 वर्षीय आनंद राय के रूप में हुई है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है और कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

आंखीवाड़ा क्षेत्र में शव बरामद
स्थानीय लोगों ने नहर के मोड़ पर आनंद राय का शव पड़ा होने की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
नहर में मिली बाइक
पुलिस जांच के दौरान मृतक की बाइक भी नहर में मिली। गोटेगांव एसडीओपी मनीष त्रिपाठी ने बताया कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।

परिजनों का आरोप
परिजनों का कहना है कि आनंद राय की हत्या कहीं और हुई और शव नहर के पास फेंका गया। मृतक के बड़े भाई अमित कुमार ने आरोप लगाया कि पप्पू पटेल और बबलू पटेल ने जुए में फंसाकर विवाद के बाद उसे बुलाकर हत्या की। घटना वाली रात आनंद राय को खाना खाने के बहाने बुलाया गया था, उसके बाद उनका मोबाइल बंद हो गया।
शव पर चोट और कपड़ों की उल्टी के निशान
मृतक के सिर पर गहरी चोट के निशान और एक कान क्षतिग्रस्त पाया गया। बहन प्रतिमा राय ने कहा कि आनंद के कपड़ों पर उल्टी के निशान थे, जबकि घटनास्थल पर उल्टी नहीं मिली, जिससे यह स्पष्ट होता है कि हत्या कहीं और हुई।
पुलिस जांच जारी
एसडीओपी मनीष त्रिपाठी ने बताया कि मर्ग कायम कर एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया है। पंचनामा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मृतक के अंतिम संपर्कों सहित सभी बिंदुओं पर बारीकी से जांच की जा रही है।