नर्मदापुरम में आयोजित राज्यस्तरीय बालरंग प्रतियोगिता में शासकीय पं. रविशंकर शुक्त विद्यालय एवं संकुल अंतर्गत शासकीय माध्यमिक विद्यालय धर्मश्री के विद्यार्थियों ने अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुतियों से चारों ओर सराहना बटोरी। प्रतियोगिता में कुल 08 विधाओं में पुरस्कार प्राप्त किए गए।

सामूहिक लोकगीत (वरिष्ठ वर्ग) में लक्ष्मी सेन, अमृता यादव, अष्टमी ताम्रकार, शिवानी अहिरवार, नेहा राजपूत और राघव सेन ने प्रदेश के नौ संभागों में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। उर्दू वाद-विवाद प्रतियोगिता में छात्रा आयशा खान विपक्ष-पक्ष में प्रथम स्थान और छात्रा आलिया मनिहार पक्ष में तृतीय स्थान पर रहीं।

निःशक्तजन वर्ग में भी विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। एकल गायन में दृष्टि बाधित छात्र डेलन लोधी ने प्रथम, एकल अभिनय में मूक/श्रवण बाधित छात्र कृष्णा कोरी ने प्रथम, सामूहिक अभिनय में मूक/श्रवण बाधित छात्र मनोज गौंड एवं साथी ने प्रथम, लिपि लेखन में श्रवण/मूकबधिर छात्र कृष्णा कोरी ने तृतीय और एकल वादन में दृष्टि बाधित डेलन लोधी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिता में दल का नेतृत्व श्री अशोक पटैल ने किया। टीम में डॉ. शुभा मिश्रा, श्रीमती रिंकी राठौर, श्री जयंत विश्वकर्मा, श्रीमती साधना पांडे, विशेष शिक्षक आरिफ अली, दुष्यंत कुर्मी और श्रीमती अनीशा बानो शामिल थे। संकुल समन्वयक सांस्कृतिक विभाग श्रीमती रिंकी राठौर ने 21 विद्यार्थियों को प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर प्रदान किया।
विद्यालय प्राचार्य डाॅ. महेन्द्र प्रताप तिवारी ने टीम को बधाई दी और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भी सफलता की शुभकामनाएं दी। जे.डी. नर्मदापुरम श्री मनीष वर्मा और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी प्रतिभागियों को पुरस्कार व प्रशस्ति प्रदान कर सम्मानित किया।