निम्स कॉलेज में ‘वैलेंटाइन’ इवेंट पर हंगामा, पुलिस ने रोका कार्यक्रम !

Spread the love

इंदौर। शहर के गांधी नगर क्षेत्र स्थित निम्स कॉलेज में गुरुवार को उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब बड़ी संख्या में हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता कॉलेज परिसर में पहुंच गए और वैलेंटाइन डे के नाम पर कथित रूप से आयोजित कार्यक्रम का विरोध करने लगे। मामले की सूचना मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कॉलेज प्रशासन से कार्यक्रम बंद करा दिया।

“बेक सेल” इवेंट पर उठे सवाल

बजरंग दल के तन्नू शर्मा ने बताया कि 12 फरवरी को कॉलेज में “बेक सेल” नाम से एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। उनका आरोप है कि इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल थे और यह आयोजन भारतीय संस्कृति के विरुद्ध था।

उन्होंने कहा कि सूचना मिलने पर संगठन के कार्यकर्ता कॉलेज पहुंचे और कार्यक्रम को तत्काल बंद कराने की मांग की। तन्नू शर्मा ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम की आड़ में अश्लीलता की जा रही थी।

कार्यकर्ताओं के हाथों में डंडे

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विरोध करने पहुंचे कुछ युवाओं के हाथों में प्लास्टिक के डंडे और लाठियां भी थीं। कॉलेज परिसर में नारेबाजी की गई, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। हालांकि किसी प्रकार की मारपीट या तोड़फोड़ की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस ने संभाला मोर्चा

सूचना मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस कॉलेज पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने कॉलेज प्रशासन से चर्चा कर कार्यक्रम को रुकवा दिया। साथ ही प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं को समझाइश दी और शांति बनाए रखने की अपील की।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए कॉलेज परिसर के आसपास निगरानी रखी जा रही है।

प्रशासन की चुप्पी

कॉलेज प्रशासन की ओर से इस पूरे घटनाक्रम पर कोई विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। सूत्रों के मुताबिक, “बेक सेल” एक सामान्य सांस्कृतिक गतिविधि के रूप में आयोजित किया गया था।

माहौल में तनाव

घटना के बाद कॉलेज परिसर में कुछ समय तक तनाव का माहौल बना रहा। हालांकि पुलिस की मौजूदगी में स्थिति सामान्य हो गई।

फिलहाल पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है। यदि किसी पक्ष की ओर से शिकायत दर्ज कराई जाती है तो आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *