नेत्र रोग विभाग में ‘ऑप्टिमाइंड्स’ के सेकंड एडिशन का भव्य विमोचन — नेत्र सर्जरी में नवाचार को समर्पित !

Spread the love

बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज सागर के नेत्र रोग विभाग में विभागीय शैक्षणिक एवं सृजनात्मक मैगज़ीन “ऑप्टिमाइंड्स” (Optiminds) के सेकंड एडिशन (वॉल्यूम-I) का भव्य विमोचन समारोह शनिवार को संपन्न हुआ। यह मैगज़ीन नेत्र सर्जरी और चिकित्सा अनुसंधान के क्षेत्र में नवाचार को समर्पित है, जो विद्यार्थियों में चिकित्सकीय सृजनात्मकता और अनुसंधान की भावना को बढ़ावा देने का कार्य कर रही है।

कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की वंदना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में डीन डॉ. प्रमेन्द्र सिंह ठाकुर एवं अधीक्षक डॉ. राजेश जैन उपस्थित रहे। विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. प्रवीन खरे के मार्गदर्शन में इस मैगज़ीन का नियमित रूप से प्रत्येक चार माह में प्रकाशन किया जाता है। इससे पूर्व “ऑप्टिमाइंड्स” के तीन वॉल्यूम सफलतापूर्वक प्रकाशित हो चुके हैं, जिन्हें चिकित्सा जगत में सराहना प्राप्त हुई थी।

अपने स्वागत उद्बोधन में प्रो. डॉ. प्रवीन खरे ने बताया कि “ऑप्टिमाइंड्स” विभागीय अकादमिक गतिविधियों, रचनात्मक विचारों और ज्ञान-साझेदारी का सशक्त मंच है, जो विद्यार्थियों को शोध और नवाचार के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि इस मैगज़ीन के माध्यम से स्नातकोत्तर विद्यार्थियों को न केवल चिकित्सकीय ज्ञान मिलता है, बल्कि उन्हें अपने विचारों को अभिव्यक्त करने का अवसर भी मिलता है।

मैगज़ीन की एडिटर डॉ. अंजली विरानी पटेल, सहायक प्राध्यापक, ने बताया कि यह अंक विशेष रूप से विभिन्न नेत्र शल्यक्रियाओं (Ophthalmic Surgeries) की तकनीकों, नवीन विधियों, टिप्स और ट्रिक्स पर केंद्रित है। इसका उद्देश्य युवा डॉक्टरों को व्यवहारिक ज्ञान प्रदान करना है ताकि वे आधुनिक नेत्र चिकित्सा में दक्ष बन सकें।

मुख्य अतिथि डीन डॉ. प्रमेन्द्र सिंह ठाकुर ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में कहा कि नेत्र रोग विभाग लगातार अकादमिक उत्कृष्टता और रोगी सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। “Optiminds जैसी पहल संस्थान की बौद्धिक प्रगति और चिकित्सा शिक्षा में नवाचार की दिशा में एक मील का पत्थर है,” उन्होंने कहा।

कार्यक्रम के दौरान स्वर्गीय डॉ. विजय भैसारे (प्रोफेसर, नेत्र रोग विभाग, एम.जी.एम. मेडिकल कॉलेज, इंदौर) के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।

समारोह का संचालन सह-संपादक डॉ. नियति राजक और डॉ. मानसी नायक (प्रथम वर्ष स्नातकोत्तर छात्राएँ) ने किया। वहीं डॉ. आयुषी महाजन और डॉ. आदेश रुंडला (द्वितीय वर्ष) ने सह-संपादक के रूप में सक्रिय भूमिका निभाई।

इस अवसर पर डॉ. सारिका चौहान (सह प्राध्यापक, नेत्र रोग), डॉ. रोषी जैन (मेडिकल ऑफिसर, नेत्र रोग), डॉ. सतेंद्र उइके (विभागाध्यक्ष, इमरजेंसी मेडिसिन), डॉ. मनीष जैन (सह प्राध्यापक, मेडिसिन), डॉ. सौरभ जैन (सहायक प्राध्यापक, इमरजेंसी मेडिसिन), डॉ. संजय जैन (फॉरेंसिक मेडिसिन), डॉ. संजय प्रसाद (विभागाध्यक्ष, साइकियाट्री) तथा डॉ. प्रियांशु जैन (एस.आर., इमरजेंसी मेडिसिन) सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में विभागाध्यक्ष डॉ. प्रवीन खरे ने सभी अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया तथा बताया कि भविष्य में “ऑप्टिमाइंड्स” को राष्ट्रीय स्तर पर एक प्रतिष्ठित मेडिकल जर्नल के रूप में स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *