पटनाककरी प्राथमिक शाला के बाहर हादसे का खतरा बढ़ा, संकेतक और स्पीड ब्रेकर की मांग तेज !

Spread the love

पटनाककरी। प्राथमिक शाला के मुख्य गेट के ठीक सामने बनी सड़क इन दिनों दुर्घटना का गढ़ बनती जा रही है। स्कूल का मुख्य द्वार सड़क के बिल्कुल समानांतर होने के कारण बच्चों के बाहर निकलते ही तेज रफ्तार वाहन सीधे उनके सामने आ जाते हैं। सबसे बड़ी बात यह है कि सड़क पर न तो स्कूल क्षेत्र का कोई चेतावनी संकेतक लगाया गया है और न ही स्पीड ब्रेकर बनाया गया है।

परिणामस्वरूप वाहन चालक स्कूल के सामने से फर्राटे भरते हुए निकल जाते हैं, जिससे हर समय गंभीर हादसे की आशंका बनी रहती है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि स्कूल की छुट्टी के समय सबसे अधिक खतरा रहता है। अस्पताल चौराहे की ओर से आने वाले वाहन विद्यार्थियों को दिखते नहीं, और स्कूल से निकलते बच्चे भी सड़क की ओर से आते वाहनों का अनुमान नहीं लगा पाते। ऐसे में जरा सी चूक भी भीषण दुर्घटना में बदल सकती है।

स्थानीय वाहन चालक थोड़ी सावधानी बरतते हुए स्कूल के सामने गति कम कर लेते हैं, लेकिन बाहरी और अजनबी वाहन चालक तेज रफ्तार में ही यहां से गुजरते हैं, जिससे खतरा और बढ़ जाता है।

गांववासियों ने प्रशासन से तत्काल सड़क पर स्कूल जोन संकेतक, स्पीड ब्रेकर, और आवश्यक सुरक्षा चिह्न लगाने की मांग की है, ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और किसी बड़ी दुर्घटना को रोका जा सके।

लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। प्रशासन से उम्मीद है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *