छतरपुर।
छतरपुर जिले के बमीठा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां पारिवारिक विवाद के बाद एक युवक ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। मरने से पहले युवक ने मोबाइल पर एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने अपने ससुराल पक्ष पर मारपीट और प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए। युवक की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान बमीठा थाना क्षेत्र के जंगीपुरा निवासी 23 वर्षीय राकेश अहिरवार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार राकेश रविवार को अपनी पत्नी और सात महीने की बेटी को लेने के लिए ससुराल ग्राम बगौता गया था। बताया जा रहा है कि वहां किसी बात को लेकर विवाद हो गया और ससुराल पक्ष ने पत्नी और बच्ची को उसके साथ भेजने से इनकार कर दिया।

परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान राकेश के साथ मारपीट भी की गई। घटना से आहत होकर वह वहां से निकल गया। बताया गया कि गांव लौटते समय रास्ते में उसने जहरीला पदार्थ खा लिया।
गांव पहुंचते ही बिगड़ी हालत
जहर खाने के बाद राकेश किसी तरह अपने गांव जंगीपुरा पहुंचा, लेकिन वहां पहुंचते ही उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। परिवार के लोगों ने उसकी हालत गंभीर देख तुरंत बमीठा अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल छतरपुर रेफर कर दिया।
परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
मौत से पहले रिकॉर्ड किया VIDEO
घटना का सबसे महत्वपूर्ण पहलू वह वीडियो है, जिसे राकेश ने जहर खाने से पहले अपने मोबाइल फोन पर रिकॉर्ड किया था। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वीडियो में राकेश ने अपने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसने कहा कि उसके साथ मारपीट की गई और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। वीडियो में वह भावुक नजर आ रहा है और अपनी पीड़ा बयां कर रहा है।
पुलिस अब इस वायरल वीडियो को भी जांच का हिस्सा बना रही है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो की सत्यता और उसमें लगाए गए आरोपों की गंभीरता से जांच की जाएगी।
ससुराल पक्ष ने लगाए अलग आरोप
वहीं इस मामले में ससुराल पक्ष ने अलग पक्ष रखा है। मृतक के ससुर बब्बू अहिरवार का कहना है कि राकेश शराब के नशे में था और तेज गर्मी के बावजूद पत्नी और बीमार बच्ची को साथ ले जाने की जिद कर रहा था।
उनका कहना है कि बच्ची की तबीयत खराब थी और उसे डॉक्टर को दिखाना जरूरी था। परिवार ने इसी कारण राकेश को कुछ दिन रुकने के लिए कहा था। इसी बात को लेकर विवाद हुआ और कहासुनी के दौरान हल्की हाथापाई भी हुई।

ससुराल पक्ष का कहना है कि बाद में मामला शांत हो गया था, लेकिन राकेश गुस्से में वहां से चला गया। उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि वह ऐसा कोई कदम उठा लेगा।
पत्नी ने कहा- बच्ची बीमार थी
मृतक की पत्नी प्रेमवती ने बताया कि उनकी सात महीने की बच्ची बीमार थी और उसका इलाज कराना जरूरी था। उन्होंने कहा कि उन्होंने राकेश से डॉक्टर को दिखाने के बाद जाने की बात कही थी, लेकिन वह तुरंत साथ चलने की जिद कर रहे थे।
पत्नी ने कहा कि बाद में वह नाराज होकर वहां से चले गए। उन्हें यह जानकारी नहीं थी कि उन्होंने रास्ते में जहर खा लिया है। पत्नी ने यह भी कहा कि उन्हें घटना की सूचना बाद में मिली।
दो साल पहले हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार राकेश और प्रेमवती की शादी करीब दो साल पहले हुई थी। दोनों की सात महीने की एक बेटी भी है। घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
ग्रामीणों के अनुसार परिवार में पहले किसी बड़े विवाद की जानकारी सामने नहीं आई थी। अचानक हुई इस घटना से गांव के लोग भी स्तब्ध हैं।
पुलिस सभी पहलुओं की कर रही जांच
पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस वायरल वीडियो की भी तकनीकी जांच कर रही है।
छतरपुर पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने कहा है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि वीडियो, परिजनों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के पीछे वास्तविक परिस्थितियां क्या थीं और युवक ने किन कारणों से इतना बड़ा कदम उठाया।