पर्ल्स (PACL) कंपनी के निवेशकों को उनकी मेहनत की कमाई वापस दिलाने के लिए सागर विधायक श्री शैलेंद्र कुमार जैन द्वारा की गई पहल अब निवेशकों के लिए नई उम्मीद बनकर सामने आई है। शनिवार को पर्ल्स निवेशकों का एक प्रतिनिधिमंडल विधायक जैन के निवास पर पहुंचा और उनकी सक्रिय पहल के लिए आभार व्यक्त किया।

प्रतिनिधियों ने विधायक जैन को धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्होंने निवेशकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और राज्य स्तर पर उनकी राशि की वापसी के लिए प्रभावी कदम उठाए हैं। उन्होंने बताया कि वर्षों से लंबित इस मामले में विधायक जैन के प्रयासों ने निवेशकों के मन में एक नई आशा जगाई है।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भेंट कर पर्ल्स कंपनी (PACL) के निवेशकों की राशि वापसी हेतु ठोस कार्यवाही करने का अनुरोध किया था। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि कंपनी की जप्तशुदा संपत्तियों की नीलामी की प्रक्रिया को केंद्र सरकार से शीघ्र अनुमति दिलाई जाए, ताकि निवेशकों को उनका धन लौटाया जा सके।
प्रतिनिधि मंडल ने कहा कि विधायक जैन मध्य प्रदेश के ऐसे एकमात्र विधायक हैं जिन्होंने पर्ल्स निवेशकों की आवाज को मुख्यमंत्री तक पहुंचाया और उनकी समस्या को प्राथमिकता के साथ उठाया। इस संवेदनशील मुद्दे पर विधायक की सक्रियता ने न केवल सागर जिले, बल्कि पूरे प्रदेश के हजारों निवेशकों के मन में भरोसा और विश्वास पैदा किया है।
निवेशकों ने कहा कि वे वर्षों से अपनी मेहनत की पूंजी की वापसी की प्रतीक्षा कर रहे हैं, और विधायक जैन की यह पहल उनके संघर्ष में नई रोशनी लेकर आई है। उन्होंने इस दिशा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की संवेदनशीलता और सहयोग के लिए भी धन्यवाद ज्ञापित किया।
आभार व्यक्त करने वाले निवेशकों में अभय दुबे, महेश नामदेव, अनिल साहू, शशिभूषण कोरी, मनोज सेन और संदीप ठाकुर सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
अंत में विधायक जैन ने कहा कि निवेशकों का धन लौटवाना उनका नैतिक दायित्व है और वे इस विषय को राज्य एवं केंद्र सरकार के स्तर पर लगातार उठाते रहेंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी निवेशकों को न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास जारी रहेंगे।