सागर। केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके और पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल ने आज सागर में केंद्रीय बजट 2026 पर आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि यह बजट विकसित भारत बनाने और अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक ठोस कदम साबित होगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत यह बजट देश की उच्च विकास दर को स्थिर बनाए रखने तथा आमजन के कल्याण की दिशा में व्यापक दृष्टिकोण रखता है।
केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके ने कहा कि 2014 के पहले के बजट में राष्ट्रीय चेतना और अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए पर्याप्त चिंतन और योजना नहीं रहती थी। सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा जैसे मूलभूत क्षेत्रों में योजनाओं का अभाव था। जबकि वर्तमान सरकार ने बजट में इन सभी विषयों पर विशेष ध्यान दिया है। उन्होंने यह भी बताया कि पूर्ववर्ती सरकारों के बजट में लगभग 80% खर्च नगरीय विकास पर होता था, जिससे ग्रामीण विकास की गति धीमी रही और ग्रामीण जनता को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अब ग्रामीण विकास की एक नई इबारत लिखी जा रही है और 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए बजट में विविध प्रावधान किए गए हैं।

उइके ने कहा कि बजट की संरचना समाज के सभी वर्गों – गरीब, युवा, किसान और महिला शक्ति के कल्याण को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई है। उन्होंने जोर दिया कि यह बजट केवल आर्थिक विकास का नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय और समावेशी विकास का मार्गदर्शक भी है।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल ने बताया कि बजट 2026 में वैश्विक अस्थिरता के बावजूद भारत की विकास दर को स्थिर बनाए रखने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि कृषि, ग्रामीण विकास और आजीविका मिशन पर विशेष जोर दिया गया है। 16वें वित्त आयोग के तहत मध्यप्रदेश में ग्रामीण विकास के लिए इस वर्ष 6172 करोड़ रुपए का बजट रखा गया है, जो पिछले वर्ष के 4394 करोड़ से बढ़ा है। यदि योजनाओं का सही उपयोग हुआ तो आने वाले वर्षों में यह राशि 8000 करोड़ तक पहुंच सकती है। बजट का यह निवेश अधोसंरचना, जल संसाधन, पेयजल, स्वच्छता और वाटर रिसोर्सिंग के लिए विशेष रूप से उपयोग किया जाएगा।
पत्रकार वार्ता में विधायक शैलेन्द्र जैन, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरासिंह राजपूत, महापौर संगीता तिवारी, पूर्व जिलाध्यक्ष हरिराम सिंह ठाकुर और जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवेंद्र ठाकुर मंच पर उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला सह मीडिया प्रभारी आलोक केसरवानी ने किया।
इस अवसर पर दोनों मंत्रियों ने पत्रकारों के प्रश्नों के उत्तर देते हुए बजट 2026 के लाभ और इसके प्रभावी क्रियान्वयन के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने स्पष्ट किया कि बजट का उद्देश्य केवल विकास और निवेश नहीं, बल्कि आम जनता के जीवन स्तर में सुधार और ग्रामीण तथा शहरी क्षेत्रों में संतुलित विकास सुनिश्चित करना है।