छतरपुर जिले के बागेश्वर धाम में एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मामला बमीठा थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़ा स्थित बागेश्वर धाम परिसर का है, जहां शुक्रवार को एक युवक की लाश मिलने की सूचना पर हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर छतरपुर जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उसे पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी पीएम हाउस में रखवाया गया है।

मृतक के शरीर पर बागेश्वर धाम की टी-शर्ट थी, जिससे आशंका जताई जा रही है कि वह धाम में दर्शन या किसी धार्मिक कार्यक्रम के सिलसिले में आया था। फिलहाल युवक की मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं।
आधार कार्ड से हुई पहचान
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक के पास से आधार कार्ड और मोबाइल फोन बरामद हुआ है। इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर उसकी पहचान हो सकी। मृतक की उम्र करीब 30 से 35 वर्ष बताई जा रही है। पहचान के अनुसार युवक का नाम धीरज शाह है, जो बिहार के बेगूसराय जिले का निवासी बताया गया है।

पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
मामले को लेकर छतरपुर एएसपी आदित्य पटले ने बताया कि बमीठा थाना क्षेत्र के गढ़ा गांव में युवक का शव मिलने की सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
स्वास्थ्य खराब होने से मौत की आशंका
एएसपी आदित्य पटले के अनुसार, प्रथम दृष्टया युवक की मौत स्वास्थ्य खराब होने के कारण होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आ सकेगा। फिलहाल यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक कब से बागेश्वर धाम परिसर में मौजूद था और वह वहां किस उद्देश्य से आया था।
परिजनों को दी गई सूचना
पुलिस ने मृतक के आधार कार्ड के जरिए उसके परिजनों से संपर्क कर सूचना दे दी है। परिजनों के छतरपुर पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। वहीं पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
फिलहाल, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही युवक की मौत के कारणों को लेकर स्थिति पूरी तरह साफ हो सकेगी। घटना के बाद बागेश्वर धाम परिसर और आसपास के क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।