गुना के बीनागंज इलाके में शुक्रवार सुबह एक बस पलटने से हड़कंप मच गया। लखनऊ से इंदौर जा रही राधिका ट्रेवल्स की बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई और लगभग 16 लोग घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, बस शुक्रवार सुबह करीब 5:30 बजे बीनागंज इलाके में पहुंची थी। इसी दौरान बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, संभवतः ड्राइवर को झपकी आ गई या बस की स्पीड अधिक थी, जिसके कारण हादसा हुआ। बस पलटने के बाद लगभग 30 मीटर तक घिसटती हुई चली गई।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के गांव के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बस से बाहर निकालना शुरू किया। बीनागंज पुलिस और आपातकालीन टीम तुरंत मौके पर पहुंची। गुना से कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल और SP अंकित सोनी भी घटना स्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की।

कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने बताया कि हादसे में एक सवारी की मौत हुई है। वहीं लगभग 16 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से तीन की हालत गंभीर है। गंभीर रूप से घायल सवारियों को भोपाल रेफर किया गया है।
पुलिस और प्रशासन ने आसपास के मार्गों पर सुरक्षा और राहत कार्यों को बढ़ा दिया है। फिलहाल बस के पलटने का सटीक कारण और ड्राइवर की भूमिका की जांच की जा रही है।
घटना के बाद यात्रियों और स्थानीय लोगों में डर और चिंता का माहौल है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि हादसे की जगह पर सुरक्षा बनाए रखें और राहत कार्यों में सहयोग करें।