बीना के आगासौद थाना क्षेत्र के देहरी गांव में गुरुवार रात उस समय सनसनी फैल गई जब कोटवार के भाई का शव गांव के पास एक बगीचे में संदिग्ध हालत में पड़ा मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। परिजनों ने मामले में हत्या का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, मृतक कल्लू चढ़ार (50), पिता नत्थू चढ़ार, देहरी गांव के निवासी थे और मजदूरी का काम करते थे। वे गांव के कोटवार गोविंद चढ़ार के भाई थे। परिजनों के मुताबिक गुरुवार दोपहर वे गांव में आयोजित कथा कार्यक्रम में शामिल हुए थे और शाम को खाना खाने के बाद घर से टहलने के लिए निकले थे।
रात में परिजनों को जानकारी मिली कि कल्लू चढ़ार गांव से करीब एक किलोमीटर दूर सेमरखेड़ी रोड स्थित एक बगीचे में पड़े हुए हैं। यह सूचना बिट्टू सिंह नामक व्यक्ति ने फोन पर दी। जब परिजन मौके पर पहुंचे तो कल्लू चढ़ार की मौत हो चुकी थी।
परिजनों ने बताया कि मृतक के गले और चेहरे पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। बेटे राहुल चढ़ार ने आरोप लगाया कि उनके पिता की गला दबाकर हत्या की गई है। उन्होंने बगीचे के मालिक पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके परिवार के साथ पहले भी विवाद हो चुका था।

राहुल ने यह भी बताया कि लगभग एक महीने पहले बगीचे के मालिक द्वारा उनके बड़े पापा (कोटवार) के साथ मारपीट की गई थी। उस समय धमकी भी दी गई थी कि किसी को जान से मार दिया जाएगा। परिजनों का कहना है कि उसी रंजिश के चलते यह हत्या की गई है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और बीना सिविल अस्पताल की मर्चुरी में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
एसडीओपी अजय कुमार सनकत भी सिविल अस्पताल पहुंचे और पीएम हाउस में शव का निरीक्षण किया तथा परिजनों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली। उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच के निर्देश दिए।
बीना आगासौद थाना प्रभारी नितिन पाल ने बताया कि शव संदिग्ध अवस्था में मिला है और परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।
उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा। फिलहाल मर्ग कायम कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
इस घटना से गांव में तनाव और दहशत का माहौल है, वहीं परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।