बीना (सागर)। सागर जिले के बीना में शनिवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब रेलवे के एक बंद पड़े केबिन से नर कंकाल मिला। यह केबिन पिछले करीब 15 माह से बंद था और सितंबर 2024 में इसे अनुपयोगी घोषित कर ताला लगा दिया गया था।
कंकाल मिलने की सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए सागर से फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है।

सफाई के दौरान खुला राज
जानकारी के अनुसार, सिग्नल एंड टेलीकॉम विभाग ने बंद पड़े इस रेलवे केबिन को स्टोर रूम के रूप में उपयोग करने का निर्णय लिया था। इसी क्रम में सहायक डेनियल सोलोमन को केबिन खोलकर सफाई करने के निर्देश दिए गए थे।
शनिवार सुबह करीब 11.40 बजे जैसे ही डेनियल सोलोमन ने केबिन का ताला खोला और अंदर प्रवेश किया, तो फर्श पर कंकाल पड़ा देख वह घबरा गया। उसने तुरंत अपने वरिष्ठ अधिकारी बी.एल. मिश्रा को सूचना दी, जिसके बाद जीआरपी और आरपीएफ को अवगत कराया गया।

एक साल से अधिक पुराना होने की आशंका
प्रारंभिक जांच में कंकाल एक वर्ष से अधिक पुराना बताया जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि सितंबर 2024 में केबिन बंद किए जाने के समय से ही कंकाल अंदर पड़ा हो सकता है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि कंकाल पुरुष का है या महिला का।

यह भी साफ नहीं है कि मौत स्वाभाविक थी या किसी आपराधिक साजिश का मामला। रेलवे केबिन आबादी से दूर और स्टेशन से लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि शव को यहां लाकर फेंका गया था या हत्या के बाद छिपाने के उद्देश्य से केबिन में रखा गया।
जांच जारी
पुलिस ने मौके पर मौजूद रेलवे कर्मचारियों से पूछताछ की है। कंकाल को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। जीआरपी अधिकारियों का कहना है कि एफएसएल जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृतक की पहचान और मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।