बीना सिंचाई परियोजना: मड़िया व चकरपुर बांध पूर्ण, 90 हजार हे. क्षेत्र को मिलेगी सिंचाई सुविधा !

Spread the love

सागर।
बीना सिंचाई परियोजना के अंतर्गत मड़िया एवं चकरपुर बांध का निर्माण कार्य 100 प्रतिशत पूर्ण किया जा चुका है। परियोजना के माध्यम से प्रेशराइज्ड पाइप प्रणाली द्वारा सूक्ष्म सिंचाई व्यवस्था विकसित की जा रही है, जिससे सागर जिले की राहतगढ़, खुरई, मालथौन एवं बीना तहसील के लगभग 90,000 हेक्टेयर कृषि क्षेत्र को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराई जाना प्रस्तावित है। यह महत्वाकांक्षी परियोजना जून 2027 तक पूर्ण किए जाने की संभावना है।

प्रथम फेज: राहतगढ़ तहसील में कार्य अंतिम चरण में

परियोजना के प्रथम चरण के अंतर्गत राहतगढ़ तहसील के लिए 14,239 हेक्टेयर क्षेत्र में कार्य स्वीकृत किया गया है, जिसमें से 85 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है तथा शेष कार्य प्रगति पर है। इस चरण को जून 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके पूर्ण होने से राहतगढ़ तहसील के 51 ग्रामों की 14,239 हेक्टेयर सैंच्य भूमि में सिंचाई सुविधा सुनिश्चित हो सकेगी।

द्वितीय फेज: तीन तहसीलों में तेज़ी से आगे बढ़ रहा कार्य

द्वितीय चरण के अंतर्गत खुरई, बीना एवं मालथौन तहसील के शेष 75,761 हेक्टेयर क्षेत्र में निर्माण कार्य किया जा रहा है। इस चरण में अब तक 66 प्रतिशत कार्य पूर्ण किया जा चुका है, जबकि शेष कार्य जून 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित है।

परियोजना पूर्ण होने पर सागर जिले के बड़े कृषि क्षेत्र को स्थायी और आधुनिक सिंचाई सुविधा मिलेगी, जिससे किसानों की उत्पादन क्षमता बढ़ेगी, जल उपयोग की दक्षता सुनिश्चित होगी और क्षेत्र की कृषि अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *