बुजुर्ग से एटीएम कार्ड बदलकर ठगी, 55 हजार रुपए उड़ा ले गए शातिर !

Spread the love

इंदौर में एटीएम पर रुपए निकालने गए एक बुजुर्ग के साथ शातिर ठगों ने ठगी की वारदात को अंजाम दिया। तीन बदमाशों ने बुजुर्ग को बातों में उलझाकर उनका एटीएम कार्ड बदल लिया और पिन नंबर देख लेने के बाद दूसरे एटीएम से करीब 55 हजार रुपए निकाल लिए। मामले की शिकायत मिलने पर परदेशीपुरा पुलिस ने शनिवार को एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एटीएम मशीन हैंग होने का दिया झांसा

परदेशीपुरा पुलिस के अनुसार पीड़ित राजेश जोशी (65), निवासी सत्यम विहार, ईएसआई कंपाउंड, नंदानगर, सहकारी संस्था के नीचे स्थित एटीएम से रुपए निकालने पहुंचे थे। जैसे ही उन्होंने एटीएम मशीन में कार्ड डाला, तभी पीछे से एक युवक आया और बोला कि मशीन हैंग हो गई है। उसने कार्ड निकालकर दोबारा डालने को कहा।

इसी दौरान वहां दो अन्य युवक भी आ गए। तीनों ने मिलकर बुजुर्ग को जल्दबाजी में उलझा दिया। इस बीच उन्होंने राजेश जोशी का असली एटीएम कार्ड अपने पास रख लिया और उसकी जगह एक नकली कार्ड उन्हें थमा दिया। बुजुर्ग को यह अंदेशा भी नहीं हुआ कि उनका कार्ड बदल दिया गया है।

मोबाइल पर आए मैसेज, तब हुआ ठगी का खुलासा

जब एटीएम से रुपए नहीं निकले तो बुजुर्ग वहां से घर चले गए। कुछ देर बाद उनके मोबाइल पर पहले 20 हजार रुपए और फिर 35 हजार रुपए निकाले जाने के मैसेज आए। मैसेज देखते ही उन्हें ठगी का अहसास हुआ।

इसके तुरंत बाद उन्होंने बैंक की हेल्पलाइन पर कॉल कर अपना एटीएम कार्ड ब्लॉक कराया और फिर परदेशीपुरा थाने पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस ने एटीएम और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज निकाल लिए हैं। फुटेज के आधार पर तीनों संदिग्ध युवकों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

छत्रीपुरा में भी कर चुके हैं इसी तरह की ठगी

जांच में सामने आया है कि करीब डेढ़ माह पहले यही तीन संदिग्ध युवक छत्रीपुरा क्षेत्र में भी इसी तरह की ठगी कर चुके हैं। तब रेडियो चौक निवासी दिलीप कातोरे को एटीएम पर रुपए निकालते समय झांसे में लेकर उनका एटीएम कार्ड बदल दिया गया था और बाद में उनके खाते से करीब 65 हजार रुपए निकाल लिए गए थे।

हालांकि उस समय पुलिस ने केवल शिकायती आवेदन लिया था और एफआईआर दर्ज नहीं की गई थी। अब नए मामले के सामने आने के बाद पुलिस दोनों घटनाओं को आपस में जोड़कर जांच कर रही है।

पुलिस की अपील

पुलिस ने लोगों, खासकर बुजुर्गों से अपील की है कि एटीएम पर किसी अनजान व्यक्ति की मदद न लें, अपना पिन किसी को न दिखाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना दें। एटीएम से रुपए निकालते समय सतर्कता ही ऐसे ठगों से बचाव का सबसे बड़ा तरीका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *