परदेशीपुरा में दो पक्षों में हिंसक झड़प, हथियार लहराने का वीडियो वायरल !

Spread the love

इंदौर के परदेशीपुरा इलाके में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात दो पक्षों के बीच हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। वीडियो में बदमाशों को मारपीट करते और हथियार लहराते देखा जा सकता है। पुलिस ने इस मामले में आधा दर्जन युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

माली के बगीचे में हुई वारदात

परदेशीपुरा पुलिस के अनुसार घटना माली के बगीचे क्षेत्र की है। पीड़ित अमर प्रजापति की शिकायत पर निहाल चतुर्वेदी, रजत मराठा उर्फ टीटू, दीपु बघेल, अभिषेक मराठा, गौतम माली और हर्ष बरोड़े के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और हथियार लहराने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।

गमी कार्यक्रम के दौरान हुआ विवाद

अमर प्रजापति ने पुलिस को बताया कि वह निजी कंपनी में नौकरी करता है। शनिवार रात वह अपने दोस्त सोनू के यहां गमी के कार्यक्रम में शामिल होने गया था। इसी दौरान वहां गौतम माली आया और उससे आपत्तिजनक लहजे में बात करते हुए कहा, “क्या इच्छा है।” अमर ने विवाद से बचने के लिए रास्ता बदल लिया, लेकिन गौतम ने उसे गालियां देना शुरू कर दीं।

डंडे से सिर पर हमला, चाकू भी निकाले

जब सोनू ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने की कोशिश की, तभी अन्य आरोपी भी वहां पहुंच गए। सभी ने मिलकर अमर के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि गौतम माली ने डंडे से अमर के सिर पर वार किया। इस दौरान बदमाशों ने चाकू और अन्य हथियार भी निकाल लिए। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव किया, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।

पुरानी रंजिश की भी बात आई सामने

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि पीड़ित पक्ष और आरोपियों के बीच पहले से ही पुरानी रंजिश चल रही थी, जो इस घटना की वजह बनी। घटना की सूचना मिलते ही रात में ही पुलिस मौके पर पहुंची और विवाद में शामिल कुछ युवकों को हिरासत में लिया।

वीडियो के आधार पर जांच तेज

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को पुलिस ने जांच में शामिल कर लिया है। परदेशीपुरा पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। सबूतों के आधार पर आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि कानून हाथ में न लें और किसी भी तरह की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *