भोपाल में भारत टॉकीज से लेकर बाग उमराव दूल्हा और पातरा अंडरब्रिज तक रोजाना लगने वाले जाम को लेकर स्थानीय लोगों ने बीती रात डीसीपी ट्रैफिक जीतेन्द्र सिंह पवार और एएसपी यातायात बसंत सिंह कोल से मुलाकात की। लोगों ने बताया कि जाम की स्थिति के कारण महिलाएं, बुजुर्ग और स्कूली बच्चे विशेष रूप से परेशान होते हैं।
डीसीपी ने मौके पर ही दिए निर्देश
जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों की बात सुनने के बाद डीसीपी पवार ने एसीपी ट्रैफिक विजय दुबे को क्षेत्र का तत्काल निरीक्षण करने और जाम की प्रमुख वजहों का आकलन कर समाधान लागू करने के निर्देश दिए। इस दौरान अनस अली, मोहम्मद अजहर, जीशान, मोहसिन सहित अन्य स्थानीय निवासी मौजूद रहे।


बैरिकेट बदलकर जाम पर लगाई जाएगी रोक
गुरुवार सुबह ट्रैफिक पुलिस ने बोगदा पुल और भारत टॉकीज की ओर से आने वाले वाहनों के रूट पर सुधार की प्रक्रिया शुरू की। बैरिकेट्स को पुल के सामने सही तरीके से पुनर्स्थापित किया गया, ताकि ऐशबाग, बाग उमराव दूल्हा और अशोका गार्डन की तरफ जाने वाले वाहन रॉग साइड में न घुसें। इससे पहले वाहन गलत दिशा से पुलिया की ओर बढ़ते थे, जिससे ट्रैफिक में गुत्थमगुत्था और लंबा जाम लग जाता था।
पुलिस का कहना है कि बैरिकेट की सही प्लेसमेंट से रूट अनुशासित होगा और पीक अवर में लगने वाले जाम से नागरिकों को काफी राहत मिलेगी। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस तेजी से की गई कार्रवाई का स्वागत किया और उम्मीद जताई कि भविष्य में स्थायी समाधान के लिए और सुधार भी किए जाएंगे।
भारत टॉकीज से ऐशबाग तक जाम की स्थिति
भोपाल में रविवार को भारत टॉकीज से लेकर सेंट्रल लाइब्रेरी, बाग उमराव दूल्हा, ऐशबाग, बरखेड़ी और जिंसी तक की सड़कों पर करीब साढ़े 5 घंटे तक जाम लगा रहा। ट्रक, बस, कार और मोटरसाइकिलें एक-दूसरे से गुत्थमगुत्था नजर आईं।
महिलाएं और बुजुर्ग काफी परेशान हुए, कई बच्चे भूख-प्यास से रोते रहे। दोपहर 1 बजे से शाम 6 बजे तक गाड़ियां इंच-इंच सरकती रहीं, वहीं कई जगह वाहन चालक आपस में भिड़ते रहे। पूरे रूट पर कहीं भी ट्रैफिक पुलिस या स्थानीय थानों का अमला नहीं दिखा।