बंडा विकासखंड में किसानों ने सोना नाला नहर खोलने की मांग को लेकर तहसील कार्यालय पर दिया ज्ञापन !

Spread the love

सागर के बंडा विकासखंड के गूगरा खुर्द की सोना नाला नहर खोलने की मांग को लेकर गुरुवार को बम्होरी और सिलापरी गांव के किसान तहसीली कार्यालय बंडा पहुंचे। किसानों ने नहर से पानी की आपूर्ति न होने के कारण अपनी फसलों के नुकसान को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। इससे पहले किसानों ने कार्यालय के बाहर नारेबाजी कर अपनी मांग जताई।

पांच दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो धरना प्रदर्शन की चेतावनी

किसानों ने बताया कि सोना नाला बांध से बम्होरी, शाहगढ़ और सिलापरी के खेतों तक पानी नहर के माध्यम से पहुंचाया जाता था, लेकिन इस साल 11 दिसंबर तक नहर का पानी नहीं खोला गया। किसानों का कहना है कि फसलें सूखने लगी हैं और यदि पांच दिन के अंदर नहर नहीं खोली गई, तो वे कलेक्टर कार्यालय में धरना प्रदर्शन करेंगे।

किसान महेश उपाध्याय ने कहा, “पानी नहीं मिलने से फसलें प्रभावित हो रही हैं। किसानों पर कर्जा है। अगर फसलें खराब हुईं तो हम पूरी तरह बर्बाद हो जाएंगे।”

महिलाओं ने भी जताई चिंता

किसानों की समस्या को लेकर मौके पर उपस्थित महिला किसान नन्नी बाई ने कहा कि परिवार की पूरी जिम्मेदारी उनके कंधों पर है और खेती ही उनका मुख्य आधार है। पानी न मिलने की स्थिति में परिवार और फसल दोनों बर्बाद हो जाएंगे।

किसानों ने अधिकारियों से तत्काल नहर खोलने की मांग की है और चेतावनी दी है कि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे संगठित आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *