8 माह की गर्भवती महिला से मारपीट: पति ने पेट में लात मारी, सास ने बाल पकड़कर घसीटा !

Spread the love

इंदौर। राजेंद्र नगर क्षेत्र में 8 माह की गर्भवती महिला के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने उसके पति और सास के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पीड़िता का आरोप है कि पुरानी बात को लेकर हुए विवाद के दौरान पति ने उसके पेट में लात मारी, जबकि सास ने बाल पकड़कर उसे घसीटा, जिसके बाद उसे तेज दर्द होने लगा।


पुरानी बहस के चलते फिर विवाद, बढ़ा दर्द

पीड़िता मुस्कान गायकवाड़, निवासी अमर पैलेस कॉलोनी ने पुलिस को बताया कि 4 दिसंबर को नौकरी पर जाने के दौरान पति अरुण राणे से विवाद हुआ था। उस समय भी पति ने मारपीट की थी।
बुधवार रात उसी बात को लेकर फिर बहस हुई और गुस्से में पति ने उसके पेट पर लात मार दी। इसी दौरान सास सोनू राणे ने उसके बाल पकड़कर घसीटा।

मुस्कान ने बताया कि पति आए दिन मारपीट और अपशब्दों का इस्तेमाल करता है।


दर्द बढ़ने पर दादी ने पहुंचाया अस्पताल

घटना के बाद मुस्कान को लगातार पेट दर्द होने लगा। उसने अपनी दादी मंगीबाई को फोन किया, जो तुरंत घर पहुंचीं और उसे अस्पताल लेकर गईं। इलाज के बाद मुस्कान ने राजेंद्र नगर थाने में पति और सास के खिलाफ FIR दर्ज कराई।

पीड़िता ने बताया कि उसकी और अरुण राणे की डेढ़ साल पहले कोर्ट मैरिज हुई थी।


पुलिस ने जांच शुरू की

राजेंद्र नगर पुलिस ने पति अरुण राणे और सास सोनू राणे पर मारपीट व अन्य धाराओं में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट और बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *