सागर। मालथौन विकासखण्ड के ग्राम पातीखेड़ा निवासी मात्र दो माह के अयांश को जन्म से ही गंभीर हृदय रोग था। एक-एक सांस के लिए संघर्ष कर रहे मासूम को आखिरकार मुंबई के एसआरसीसी चिल्ड्रन्स हॉस्पिटल में उपचार मिलना शुरू हो गया है। यह संभव हुआ पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह के विशेष प्रयासों से।
पांच शहरों के अस्पतालों में भटके परिजन
अयांश के माता-पिता सूरज सिंह राजपूत और तुलसा राजपूत अपने इकलौते बेटे को लेकर बीना, सागर, भोपाल, नागपुर और रायपुर तक के अस्पतालों में भर्ती करा चुके थे। जटिल हृदय रोग के कारण डॉक्टर ऑपरेशन का जोखिम लेने से हिचक रहे थे। बच्चे की स्थिति लगातार नाजुक बनी हुई थी और उसे ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया था।
रायपुर से परिजनों ने खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह के कार्यालय से संपर्क कर पूरी स्थिति बताई। जानकारी मिलते ही उन्होंने तुरंत परिजनों को सागर लौटने और अयांश को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराने को कहा।

प्रशासन ने दिखाई तत्परता
सागर पहुंचते ही अयांश को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उसे ऑक्सीजन सपोर्ट पर डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया। इस बीच भूपेन्द्र सिंह ने सागर कलेक्टर संदीप जीआर और सीएमएचओ डॉ. ममता तिमोरी से चर्चा कर बच्चे के बेहतर उपचार की व्यवस्था के निर्देश दिए।

उन्होंने स्वयं मुंबई के SRCC Children’s Hospital से संपर्क कर अयांश की मेडिकल हिस्ट्री साझा की। यह अस्पताल “राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम” के तहत बच्चों के हृदय रोग उपचार के लिए चिन्हित है। अस्पताल प्रशासन ने ऑपरेशन के लिए सहमति दे दी।
मुख्यमंत्री बाल हृदय उपचार योजना में पंजीयन
तेजी से कार्रवाई करते हुए मात्र एक दिन में अयांश का पंजीयन मुख्यमंत्री बाल हृदय उपचार योजना में कराया गया। पहले एयर एंबुलेंस से मुंबई भेजने की तैयारी थी, लेकिन ग्रामीण पृष्ठभूमि के परिजनों ने सड़क मार्ग से जाने की इच्छा जताई। इसके बाद 11 फरवरी की शाम 108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से ऑक्सीजन और तकनीकी सपोर्ट के साथ अयांश को मुंबई रवाना किया गया। सीएमएचओ स्वयं तब तक मौजूद रहीं जब तक एंबुलेंस रवाना नहीं हो गई।

मुंबई में शुरू हुई उपचार प्रक्रिया
12 फरवरी की रात सागर की 108 एंबुलेंस अयांश को मुंबई के एसआरसीसी अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सक और स्टाफ पहले से ही उसकी प्रतीक्षा कर रहे थे। अस्पताल में आवश्यक परीक्षणों के साथ ऑपरेशन और उपचार की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह सहित ग्राम पातीखेड़ा के लोग अयांश के सफल ऑपरेशन और शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए प्रयासों के साथ प्रार्थना भी कर रहे हैं। पांच शहरों के अस्पतालों में भटकने के बाद अब अयांश को सही स्थान और विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में उपचार मिल रहा है, जिससे परिजनों में नई उम्मीद जगी है।