कम लागत में चिया सीड से लाखों की कमाई कर रहे केसली के किसान अनिरुद्ध सिंह !

Spread the love

सागर जिले के केसली क्षेत्र स्थित समनापुर रोड पर श्री फॉर्म के प्रगतिशील किसान अनिरुद्ध सिंह ने अपने खेत में चिया सीड की व्यवसायिक खेती शुरू कर क्षेत्र के किसानों के लिए नई राह खोल दी है। परंपरागत फसलों से अलग हटकर की गई यह पहल अब चर्चा का विषय बन रही है।

अनिरुद्ध सिंह बताते हैं कि चिया सीड कम पानी और कम लागत में तैयार होने वाली लाभकारी फसल है। यह लगभग 100 से 120 दिनों में तैयार हो जाती है। इसकी बुवाई के लिए अक्टूबर-नवंबर का समय, यानी रबी सीजन, सबसे उपयुक्त माना जाता है। एक एकड़ में करीब 2.5 किलोग्राम बीज की आवश्यकता होती है और औसतन 5 से 6 क्विंटल तक उत्पादन प्राप्त होता है।

यदि बाजार भाव की बात करें तो चिया सीड का थोक रेट 25 से 35 हजार रुपये प्रति क्विंटल तक मिल जाता है। इस हिसाब से एक एकड़ में 1.5 से 2 लाख रुपये या उससे अधिक का मुनाफा संभव है। अनिरुद्ध सिंह का कहना है कि सही देखभाल और उचित विपणन से किसान अपनी आय कई गुना बढ़ा सकते हैं।

सुपर फूड के रूप में बढ़ी मांग

चिया सीड को डॉक्टर सुपर फूड की श्रेणी में रखते हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी भारी मांग है। इसमें ओमेगा-3 फैटी एसिड, फाइबर, प्रोटीन, कैल्शियम और एंटीऑक्सीडेंट प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार यह वजन घटाने, हृदय स्वास्थ्य को बेहतर रखने, पाचन तंत्र मजबूत करने, त्वचा और बालों के लिए लाभकारी तथा ब्लड शुगर प्रबंधन में सहायक माना जाता है।

बुंदेलखंड में नवाचार की मिसाल

अनिरुद्ध सिंह पहले भी बुंदेलखंड में नवाचार के लिए पहचाने जाते रहे हैं। उन्होंने क्षेत्र में सबसे पहले स्ट्रॉबेरी की खेती शुरू की थी। इसके अलावा वे एक्जोटिक सब्जियां और सतावर जैसी औषधीय फसलों की खेती भी कर चुके हैं। अब चिया सीड की खेती के जरिए वे किसानों को कम पानी में अधिक मुनाफे का मॉडल प्रस्तुत कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि चिया सीड का मुख्य बाजार नीमच, जबलपुर और राजस्थान में है, जहां इसकी अच्छी खपत और बेहतर दाम मिलते हैं।

कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि यदि बुंदेलखंड के किसान परंपरागत फसलों के साथ ऐसी व्यावसायिक और औषधीय फसलों को अपनाएं, तो क्षेत्र की कृषि अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिल सकती है। अनिरुद्ध सिंह की यह पहल निश्चित रूप से अन्य किसानों के लिए प्रेरणास्रोत बन रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *