भोपाल: गौतम नगर में तीसरी कक्षा के छात्र इब्राहिम (12) पुत्र रिजवान लाला की सिर में गोली लगने से मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस को बताया कि बच्चा अचेत अवस्था में घर की बालकनी में खून से लथपथ पड़ा मिला।
पुलिस के अनुसार, घटना शुक्रवार रात करीब 1:50 बजे हुई। परिजन बच्चे को देखकर तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले गए, जहां कमला नेहरू हॉस्पिटल में शनिवार सुबह करीब 11 बजे इब्राहिम की मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

घटना का विवरण
गौतम नगर टीआई महेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि इब्राहिम जेपी नगर में रहता था और उसके पिता बिल्डिंग मटेरियल सप्लाई का काम करते हैं। देर रात अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची।
परिजनों ने बताया कि बच्चा बालकनी में अचेत अवस्था में मिला था और आसपास खून बिखरा हुआ था। आनन-फानन में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

एफएसएल ने किया मुआएना
बच्चे की मौत के बाद शनिवार सुबह एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और स्पॉट का मुआएना किया। प्रारंभिक जांच में यह साफ हुआ है कि बच्चे के घर के बाहर आमतौर पर देर रात तक बाहरी युवकों का आना-जाना रहता था। उसके पिता से मिलने कई बाहरी युवक भी आते थे।
पुलिस अब पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गोली कैसे लगी और इसमें किसी की भूमिका तो नहीं थी।