इंदौर: एमआईजी थाना क्षेत्र के श्रीनगर कांकड़ इलाके में शनिवार को एक नाबालिग बच्चे की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया। पुलिस ने एक बिल्डिंग से बच्चे का शव बरामद किया और एक आरोपी को हिरासत में लिया है। आरोपी से पूछताछ जारी है।
पुलिस के अनुसार, 13 वर्षीय अली कादरी पिता आफताब कादरी, शुक्रवार शाम लगभग 7.30 बजे घर के बाहर से अचानक लापता हो गया। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज में मिले सुराग
इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जाने पर अली को दो अनजान लोगों के साथ जाते हुए देखा गया। इसके बाद परिजनों ने तुरंत एमआईजी थाना में मामला दर्ज कराया। तलाश के दौरान परिजनों को अली का खून से सना जैकेट भी मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि अली के पिता आफताब कादरी एक सिंगर हैं।

मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुटे
घटना की जानकारी जैसे ही लोगों को मिली, मौके पर भारी संख्या में लोग जमा हो गए। पुलिस ने आसपास की बिल्डिंगों में सर्चिंग की। काफी देर की जांच-पड़ताल के बाद अली का शव एक बिल्डिंग के अंदर पाया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी ने हत्या के बाद शव को पलंग के अंदर छिपा दिया था। शव घर से लगभग 30 मीटर की दूरी पर बरामद हुआ।

आरोपी गिरफ्तार
एमआईजी थाना प्रभारी सी.बी. सिंह ने बताया कि रेहान (21) पुत्र अब्दुल साकिर को हिरासत में लिया गया है। शुरुआती पूछताछ में यह सामने आया कि आरोपी ने अली का गला घोंटकर हत्या की थी। फिलहाल शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।
पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपी से पूरी घटनाक्रम की विस्तार से पूछताछ की जा रही है।