सागर: एलिवेटेड कॉरिडोर का नाम अब ‘अटल पथ’, महापौर परिषद ने शहर विकास पर लिए अहम फैसले !

Spread the love

सागर: नगर निगम सागर में महापौर परिषद की बैठक आयोजित की गई, जिसमें शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में महापौर संगीता तिवारी ने एलिवेटेड कॉरिडोर का नाम पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी के नाम पर रखने का प्रस्ताव रखा। इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से स्वीकृति देते हुए एलिवेटेड कॉरिडोर का नाम अब अटल पथ रखा गया।

बैठक में शहर में हाकर्स जोन की स्थापना पर भी चर्चा की गई। नगर निगम के बाजार विभाग ने शहर के विभिन्न स्थानों पर हाकर्स जोन स्थापित करने की जानकारी दी। महापौर और निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने निर्देश दिए कि शहर के प्रमुख चौराहों जैसे शीतला माता मंदिर, वंदे मातरम् चौक, संविधान चौक समेत अन्य प्रमुख स्थानों पर यदि जगह उपलब्ध हो, तो हाकर्स जोन चिन्हित किए जाएँ। हाकर्स जोन के लिए न्यूनतम दर 1000 रुपए प्रति माह तय करने की अनुशंसा परिषद में भेजे जाने का निर्णय लिया गया।

दैवेभो कर्मचारियों के वेतन में वृद्धि

कलेक्टर कार्यालय के आदेशानुसार दैवेभो कर्मचारियों के मासिक और दैनिक वेतन में वृद्धि की गई। महापौर परिषद ने निगम में पदस्थ दैनिक वेतन भोगी और मस्टर कर्मचारियों को बढ़ी हुई दरों से वेतन देने की पुष्टि की।

ठोस अपशिष्ट परियोजना के लिए अल्पकालीन निविदा

अपर मुख्य सचिव एवं आयुक्त नगरीय प्रशासन और विकास, मध्यप्रदेश भोपाल के निर्देशानुसार किसी भी नगरीय निकाय में ठोस अपशिष्ट परियोजना के तहत लीगेसी बेस्ट और अन्य कचरे का 30 जून 2026 से पहले निष्पादन करना अनिवार्य है। अनुमानित 70-80 हजार मीट्रिक टन कचरा निष्पादन के लिए अल्पकालीन निविदा बुलाई जाएगी। महापौर परिषद ने अल्पकालीन निविदा जारी करने की स्वीकृति प्रदान की।

पार्क और खेल मैदान निर्माण

सागर में पार्क और खेल मैदान के निर्माण कार्य के लिए 5.98 करोड़ रुपए की सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की गई। मुख्यमंत्री नगरीय क्षेत्र अधोसंरचना निर्माण योजना के तहत नगर निगम में 7 मंगल भवन निर्माण कार्य के लिए 9 करोड़ रुपए की सैद्धांतिक स्वीकृति दी गई। इसके आधार पर कार्य की डीपीआर तैयार की गई और निविदा आमंत्रित करने की स्वीकृति भी परिषद ने दी।

स्मार्ट फिश पार्लर निर्माण में संशोधन

मुख्यमंत्री मछुआ समृद्धि योजना के तहत स्मार्ट फिश पार्लर निर्माण के लिए महापौर परिषद ने पहले ही स्वीकृति प्रदान की थी। अब परिषद ने प्रस्ताव में संशोधन कर काकागंज श्मशान घाट और एमआरएफ सेंटर के बाजू में 9 स्मार्ट फिश पार्लर एक ही स्थान पर निर्माण की स्वीकृति प्रदान की।

बैठक में एमआईसी सदस्य विनोद तिवारी, शैलेन्द्र ठाकुर, अनूप उर्मिल, रेखा नरेश यादव, रुपेश यादव, संगीता शैलेश जैन, धमेंद्र खटीक, मेघा दुबे, कंचन सोमेश जडिया, राजकुमार पटेल, उपायुक्त एसएस बघेल, सहायक आयुक्त तबस्सुम खान, लेखाधिकारी हर्ष केसरवानी, स्वच्छता अधिकारी राजेश सिंह राजपूत समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

बैठक में लिए गए निर्णयों का उद्देश्य शहर में बुनियादी ढांचे, नागरिक सुविधाओं और स्वच्छता के मानकों को और बेहतर बनाना बताया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *