सागर: कार्यालय कमिश्नर, सागर संभाग में पदस्थ पूरन लाल सेन ने 40 वर्षों की निष्ठावान सेवा पूर्ण कर सेवानिवृत्ति ली। उनके सम्मान में कार्यालय में भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया।
समारोह में कमिश्नर महोदय अनिल सुचारी ने पूरन लाल सेन को शाल, श्रीफल, सम्मान पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान कर उन्हें सम्मानित किया। अपने उद्बोधन में कमिश्नर ने पूरन लाल सेन को जीवन की दूसरी पारी में अधूरे कार्य पूर्ण करने, परिवार को पर्याप्त समय देने और धर्ममय जीवन जीते हुए अपने नाती-पोतों का मार्गदर्शन करने की सलाह दी। उन्होंने आश्वस्त किया कि भविष्य में किसी भी कार्य के लिए कार्यालय का दरवाजा हमेशा उनके लिए खुला रहेगा।

इस अवसर पर कमिश्नर ने पूरन लाल सेन को उनके सम्पूर्ण स्वत्वों का भुगतान सुनिश्चित करने के आदेश भी दिए, जिनमें अर्जित अवकाश का नगदीकरण, विभागीय भविष्य निधि, बीमा योजनाओं की राशि और ग्रेज्युटी शामिल हैं। साथ ही, संभाग के सभी कार्यालयों के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने कार्यालयों से सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के दिन ही पूरे क्लेम प्रदान करें।

कार्यक्रम में उपायुक्त (राज.) विनय द्विवेदी, समस्त कार्यालयीन स्टाफ, पूरन लाल सेन के परिवारजन और स्नेहीजनों ने फूलमालाओं से उनका स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. धीरेन्द्र मिश्रा, उप संचालक शिक्षा और राजेश जैन, राजस्व निरीक्षक ने किया। वहीं, अनुराग पटैरिया (निज सहायक) और कमल सोनी (RCMS) ने उद्बोधन प्रस्तुत किया, जबकि कार्यालय अधीक्षक पी.एन. चढार ने आभार व्यक्त किया।
इस समारोह ने पूरन लाल सेन की लंबी और निष्ठावान सरकारी सेवा को सम्मान देने के साथ-साथ उनके योगदान को यादगार रूप से उजागर किया।