भोपाल: पॉलिटेक्निक चौराहा की झुग्गी बस्ती पर हाईकोर्ट ने स्थगन, रहवासियों ने जश्न मनाया !

Spread the love

भोपाल के पॉलिटेक्निक चौराहा स्थित मानस भवन के पीछे बसे 27 झुग्गी परिवारों को सोमवार को तत्काल नहीं हटाया जा सकेगा। जबलपुर हाईकोर्ट ने प्रशासन की कार्रवाई पर स्थगन दे दिया है। इस खबर से शाम को बस्ती में खुशी का माहौल बन गया और रहवासियों ने जश्न मनाया।

पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, पार्षद शबिस्ता जकी और गुड्डू चौहान सहित कई कांग्रेस नेताओं पर बस्ती के लोगों ने फूल बरसाए। अधिकारियों ने बताया कि सुबह परिवारों को हटाने की पूरी तैयारी की गई थी, लेकिन कांग्रेस नेताओं की चेतावनी के बाद कार्रवाई स्थगित कर दी गई।

शहर वृत्त एसडीएम दीपक पांडे ने कहा कि पर्याप्त पुलिस बल की अनुपलब्धता के कारण कार्रवाई नहीं की जा सकी। हालांकि प्रशासन पहले ही बेदखली के आदेश 25 दिसंबर को जारी कर चुका था, इसलिए कभी भी कार्रवाई की संभावना बनी हुई थी।

बस्ती के मुख्य रास्ते पर रातोंरात लोहे का गेट भी लग गया था, जिससे प्रवेश रोक दिया गया। हालांकि गेट किसने लगाया, इसका स्पष्ट जानकारी शाम तक नहीं मिली। जैसे ही रहवासियों को जबलपुर हाईकोर्ट से स्थगन की सूचना मिली, गेट खोल दिया गया और बस्ती में जश्न का माहौल बन गया।

रहवासियों ने हाईकोर्ट के आदेश और कांग्रेस नेताओं के समर्थन के लिए खुशी जताई और सुरक्षा की भावना के साथ राहत महसूस की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *