खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत ने आज सुरखी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सरखड़ी, बांसा और तेंदू डाबर में लगभग 20 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि पूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि —
“किसी भी क्षेत्र के विकास में सड़के मील का पत्थर होती हैं। सड़कें न केवल आवागमन का माध्यम हैं, बल्कि विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार की दिशा में निर्णायक भूमिका निभाती हैं।”
हर गांव तक सड़कों का जाल — सुरखी के विकास की नई पहचान
मंत्री राजपूत ने कहा कि सुरखी विधानसभा क्षेत्र का कोई भी गांव अब विकास से अछूता नहीं रहेगा। हर गांव को पक्की सड़कों से जोड़ा जा रहा है, जिससे लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। उन्होंने बताया कि बांसा–सरखड़ी मार्ग के निर्माण से करहद, ताजपुर, महुआखेड़ा, खरमऊ, तोड़ा तरफदार, पड़रियाकला जैसे गांवों को सीधा लाभ मिलेगा। इसी प्रकार तेंदू डाबर–सेमरा गोपालमन मार्ग बनने से मोचल, बडेरा, परगासपुरा, तेंदू डाबर सहित करीब 15 गांवों को इसका लाभ प्राप्त होगा।
मंत्री राजपूत ने कहा कि —
“विकास की यह इबारत सुरखी की तकदीर बदल रही है। सड़कों का यह जाल न केवल क्षेत्र को जोड़ रहा है बल्कि आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में यह एक सशक्त कदम है।”
भावांतर योजना से किसानों के घर तक पहुंचेगी खुशहाली
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने अपने संबोधन में भावांतर भुगतान योजना को किसानों के जीवन में परिवर्तन लाने वाली ऐतिहासिक योजना बताया। उन्होंने कहा कि —
“भावांतर योजना के माध्यम से हर किसान भाई के घर में खुशियों की दीपावली मनाई जाएगी। हमारी सरकार किसानों के परिश्रम का पूरा सम्मान करती है और उन्हें उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए कटिबद्ध है।”
उन्होंने किसानों से अपील की कि वे 1 अक्टूबर से 17 अक्टूबर के बीच अपना रजिस्ट्रेशन करवा लें ताकि योजना का पूरा लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने यह भी बताया कि जिले में फसलों का सर्वे कार्य प्रारंभ हो चुका है। सर्वे दल गांव-गांव पहुंच रहा है और किसानों को अपने खेतों की जानकारी सही रूप में उपलब्ध करानी चाहिए, ताकि उन्हें मुआवजा एवं सहायता का लाभ मिल सके।
20 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि पूजन
मंत्री राजपूत ने अपने दौरे के दौरान निम्न प्रमुख विकास कार्यों का भूमि पूजन एवं लोकार्पण किया —
ग्राम सरखड़ी से बांसा मार्ग का निर्माण कार्य
ग्राम बांसा में सीसी रोड एवं आरसीसी नाली निर्माण
शासकीय स्कूल परिसर में पेवर ब्लॉक एवं चबूतरा निर्माण
शांति धाम में बाउंड्री वॉल का निर्माण
हनुमान मंदिर परिसर में चबूतरा निर्माण कार्य
ग्राम पंचायत भवन व गौशाला परिसर में मोरम फाइलिंग एवं फर्श निर्माण कार्य
ग्राम तेंदू डाबर से सेमरा गोपालमन मार्ग का निर्माण कार्य
शासकीय हाई स्कूलों में खेल सामग्री वितरण एवं सुविधा विस्तार कार्य
इन सभी कार्यों की कुल लागत लगभग 20 करोड़ रुपये है। मंत्री ने कहा कि यह केवल शुरुआत है, आने वाले समय में सुरखी क्षेत्र में और भी विकास परियोजनाएं शुरू होंगी, जिससे गांवों का कायाकल्प होगा।
विकास ही प्राथमिकता — “जनता का विश्वास हमारी ताकत”
अपने उद्बोधन में मंत्री राजपूत ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार “विकास करने वाली सरकार” है। उन्होंने कहा कि —
“प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में गांवों का विकास हमारी प्राथमिकता है। जनता का विश्वास ही हमारी ताकत है, और यही विश्वास हमें दिन-रात काम करने की प्रेरणा देता है।”
स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण रहे उपस्थित
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि, पंच-सरपंच, कार्यकर्ता एवं अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने मंत्री राजपूत के नेतृत्व में हो रहे निरंतर विकास कार्यों की सराहना की।