दीपावली के पावन अवसर पर खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत ने एक निजी होटल में पत्रकारों के साथ दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में जिलेभर से बड़ी संख्या में पत्रकार बंधु शामिल हुए।
इस अवसर पर मंत्री श्री राजपूत ने पत्रकारों के साथ आत्मीय संवाद किया और स्वदेशी व्यंजनों का आनंद उठाया। कार्यक्रम में दाल-बाफले, कढ़ी-चावल, बैंगन का भर्ता, चूरमा व अन्य पारंपरिक व्यंजनों से अतिथियों का स्वागत किया गया।
मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत ने अपने संबोधन में कहा कि —
“पत्रकार समाज के चौथे स्तंभ हैं, जो सच्चाई को सामने लाने और समाज में जागरूकता फैलाने का कार्य करते हैं। उनके बिना पारदर्शिता और जवाबदेही की कल्पना नहीं की जा सकती।”
उन्होंने आगे कहा कि स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण के लिए स्वदेशी जीवनशैली अपनाना आवश्यक है।
“हमारे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी भी स्वदेशी को बढ़ावा देने की अपील करते हैं। पिज्ज़ा, बर्गर, मोमोज या चाउमिन जैसी विदेशी चीज़ों की जगह हमें अपने देसी, पौष्टिक और स्वादिष्ट व्यंजनों को अपनाना चाहिए।”
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री हीरा सिंह राजपूत ने अपने चिर-परिचित अंदाज़ में दीवारी गीत गाकर माहौल को उल्लासपूर्ण बना दिया। वहीं आकाश सिंह राजपूत ने सभी पत्रकारों का स्वागत करते हुए कहा कि पत्रकारिता एक तपस्या है, जिसमें लोग समाज को सत्य और सही जानकारी देने के लिए दिन-रात मेहनत करते हैं।
मंत्री श्री राजपूत ने सभी पत्रकारों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं और कहा कि मीडिया की सजगता से ही लोकतंत्र मजबूत और जनहित सुरक्षित रहता है। कार्यक्रम के अंत में सभी पत्रकारों ने मंत्री श्री राजपूत को दीपावली की बधाई दी और स्वदेशी भोजन का आनंद लेते हुए उत्सव का उल्लास साझा किया।