मध्यप्रदेश मंत्रिपरिषद द्वारा खुरई विधानसभा क्षेत्र के मालथौन विकासखंड मुख्यालय पर व्यवहार न्यायालय (कनिष्ठ खंड) की स्थापना की स्वीकृति दिए जाने पर पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और मंत्रिपरिषद का आभार व्यक्त किया है।

उन्होंने कहा कि यह निर्णय न केवल खुरई और मालथौन क्षेत्र के लोगों के लिए न्याय सुलभता बढ़ाएगा, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे में भी सहायक सिद्ध होगा। इस न्यायालय के लिए राज्य सरकार द्वारा 7 नवीन पदों के सृजन की स्वीकृति दी गई है, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे।
पूर्व गृहमंत्री ने मुख्यमंत्री द्वारा लिए गए एक अन्य जनहितैषी निर्णय — किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर अल्पावधि फसल ऋण देने की योजना को वर्ष 2025-26 में भी जारी रखने — की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह योजना किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। इसके अंतर्गत किसानों को 3 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण सहकारी बैंकों के माध्यम से उपलब्ध कराया जाएगा। इस वर्ष राज्य सरकार ने इसके लिए 23,000 करोड़ रुपये के वितरण का लक्ष्य रखा है।
श्री सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की संवेदनशील नीतियों का लाभ सीधे जनता को मिल रहा है। उन्होंने टीकमगढ़ जिला चिकित्सालय में 800 अतिरिक्त बिस्तरों की स्वीकृति देकर उसे 1800 बिस्तरीय अस्पताल बनाने के निर्णय का भी स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह कदम बुंदेलखंड क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिसकी लंबे समय से आवश्यकता महसूस की जा रही थी।
पूर्व गृहमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की नेतृत्व में प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है, और सरकार का प्रत्येक निर्णय जनहित और क्षेत्रीय विकास को समर्पित है।