मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा प्रदेश में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने और महिलाओं की सुरक्षा एवं सशक्तिकरण का संदेश देने के उद्देश्य से आयोजित महिला बाइकिंग इवेंट “Queens on the Wheel-2026” का काफिला शनिवार को सागर पहुंचा। यहां संजय ड्राइव रोड स्थित बोट क्लब (क्रूज) परिसर में महिला बाइकर्स का स्वागत किया गया।

इस दौरान महिला बाइक राइडर्स ने कहा कि मध्यप्रदेश में महिलाएं पूर्ण रूप से सुरक्षित हैं और वे स्वतंत्र रूप से अपने सभी कार्य कर सकती हैं। इस बाइकिंग दल में देश और प्रदेश की 25 महिला बाइकर्स शामिल हैं, जो विभिन्न पर्यटन स्थलों की यात्रा कर प्रदेश की सांस्कृतिक और प्राकृतिक धरोहरों का प्रचार-प्रसार कर रही हैं।
यह बाइकिंग इवेंट मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा अनुबंधित संस्था सीएसी ऑलराउंडर, नागपुर के माध्यम से आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 7 मार्च 2026 को भोपाल स्थित मुख्यमंत्री निवास से किया था।

महिला बाइकर्स का यह दल प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों सांची, उदयगिरि, कूनो, चंदेरी, शिवपुरी, ग्वालियर, मितावली, पड़ावली, ककनमठ, दतिया, ओरछा और खजुराहो की यात्रा करते हुए प्रदेश की ऐतिहासिक और प्राकृतिक धरोहरों का संदेश आमजन तक पहुंचा रहा है। यह यात्रा 14 मार्च 2026 को भोपाल में समाप्त होगी।
सागर पहुंचने पर महिला बाइकर्स ने संजय ड्राइव रोड स्थित बोट क्लब परिसर में विश्राम और भोजन किया, जिसके बाद वे भोपाल के लिए रवाना हो गईं।

इस अवसर पर कलेक्टर संदीप जी.आर. के निर्देश पर सिटी मजिस्ट्रेट अमन मिश्रा, तहसीलदार संदीप तिवारी, श्रीमती शिल्पा तिवारी, आकाश तिवारी, सेंट्रिक राइडर सागर के त्रिदीप गोस्वामी तथा डॉ. मेहर गांगुली सहित अन्य लोगों ने महिला बाइकर्स का स्वागत किया। कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेश में पर्यटन और महिला सुरक्षा के सकारात्मक संदेश को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।