राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने सागर जिले की रहली विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कड़ता में पहुंचकर वीरांगना रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और उन्हें नमन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि रानी दुर्गावती केवल गोंड समाज ही नहीं, बल्कि पूरे भारत की गौरवमयी विरांगना थीं, जिन्होंने अपने साहस, पराक्रम और मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी।

राज्यपाल श्री पटेल ने इस दौरान ग्राम में निर्मित जनजातीय वीरों के संग्रहालय का भी अवलोकन किया। उन्होंने संग्रहालय में प्रदर्शित वस्तुओं, चित्रों और जनजातीय संस्कृति से जुड़ी विरासत की जानकारी ली। राज्यपाल ने कहा कि इस प्रकार के संग्रहालय नई पीढ़ी को अपने इतिहास और परंपराओं से जोड़ने का माध्यम हैं, जिन्हें संरक्षित और प्रसारित किया जाना चाहिए।
इस अवसर पर विधायक एवं पूर्व मंत्री श्री गोपाल भार्गव, विधायक श्री बृजबिहारी पटेरिया, विधायक श्री वीरेंद्र सिंह लोधी, जिला अध्यक्ष श्रीमती रानी कुशवाहा, कलेक्टर श्री संदीप जी आर, पुलिस अधीक्षक श्री विकास शाहवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद थे।
कार्यक्रम के अंत में राज्यपाल ने सभी से समाज की प्रगति और एकता के लिए कार्य करने का आह्वान किया।