लालघाटी फ्लाईओवर के नीचे एसीपी पैनल में आग, 3 दमकलों ने पाया काबू; ट्रैफिक रहा जाम !

Spread the love

भोपाल। लालघाटी चौराहे पर स्थित फ्लाईओवर के नीचे शुक्रवार सुबह अचानक सौंदर्यीकरण के लिए लगाए गए एसीपी (एल्युमिनियम कंपोजिट पैनल) में आग लग गई। आग कुछ ही मिनटों में फैल गई, क्योंकि नीचे पड़ा कचरा और ऊपर लगी लाइटों की वायरिंग भी इसकी चपेट में आ गई। आगजनी से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और एक तरफ का ट्रैफिक कई देर तक रोकना पड़ा।


तीन दमकलें मौके पर पहुंचीं, आग पर पाया काबू

सूचना मिलने पर बैरागढ़ से दो और फतेहगढ़ फायर स्टेशन से एक कुल तीन दमकलें मौके पर पहुंचीं।
फायर फाइटर मुबारिक अहमद ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
उन्होंने बताया—
“फ्लाईओवर के नीचे लगाए गए प्लाइवुड, एसीपी शीट और अन्य सजावटी सामग्री में आग पहले लगी, फिर लाइट के पोल और सड़क पर फैले कचरे ने आग को भभका दिया। हालांकि समय रहते आग बुझा ली गई। जनहानि नहीं हुई, लेकिन नुकसान काफी हुआ है।”


मजार के पास तक पहुंची आग, उससे पहले काबू में

फ्लाईओवर के नीचे स्थित मजार के बिल्कुल पास आग की लपटें पहुंच गई थीं, लेकिन दमकल कर्मियों ने उससे पहले ही आग पर नियंत्रण पा लिया।
स्थानीय लोगों ने स्थिति देखकर चिंता व्यक्त की, क्योंकि यहां लगातार बड़ी संख्या में लोग आते–जाते रहते हैं।


ट्रैफिक हुआ प्रभावित

आगजनी के बाद

  • लालघाटी से बैरागढ़ जाने वाला मार्ग
  • वीआईपी रोड से लालघाटी की ओर आने वाला हिस्सा
    कुछ देर के लिए बाधित रहा।
    जाम खुलवाने के लिए ट्रैफिक पुलिस को अतिरिक्त बल लगाना पड़ा।

एसीपी पैनलों से सजाया गया है फ्लाईओवर का हिस्सा

नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने इस फ्लाईओवर के नीचे वुडन फिनिश एसीपी शीट, खूबसूरत लाइटिंग, और सीएनसी पेंटिंग के जरिए सौंदर्यीकरण किया है।
यहां लगाई गई पेंटिंग की थीम राजा भोज रखी गई है।
पहले नगर निगम ने कई बार स्वच्छ भारत मिशन के तहत पेंटिंग कराई थी, लेकिन वह लंबे समय तक टिक नहीं पाई।


हाल ही में रॉयल मार्केट में भी लगी थी चलती कार में आग

इसके पहले बुधवार शाम रॉयल मार्केट रोड पर एक चलती कार में आग लग गई थी।
कार में एक महिला, एक बच्चा समेत कुल 5 लोग थे, जो धुआं निकलते ही बाहर कूद गए और उनकी जान बच गई।
शहर में लगातार घटनाएं होने से सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *