भोपाल।
भोपाल के लालघाटी क्षेत्र स्थित डेविड स्नूकर क्लब में गेम खेल रहे एक बेकरी संचालक पर युवक ने जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने हाथ में पंच पहनकर एकाएक करीब सात वार किए, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। लहूलुहान हालत में वह बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़ा, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना बुधवार रात की है, जिसका सीसीटीवी फुटेज अब सामने आया है।

पुराने विवाद का बदला लेने की आशंका
पुलिस के अनुसार, आरोपी और फरियादी के बड़े भाई के बीच करीब 10 दिन पहले विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया।
थाना प्रभारी केजी शुक्ला ने बताया कि घायल युवक फरीद खान, कोतवाली क्षेत्र का निवासी है और वहीं बेकरी का संचालन करता है। फरीद जब डेविड पुल के पास स्नूकर गेम खेल रहा था, तभी आरोपी अमन ने हाथ में पंच पहनकर अचानक हमला कर दिया। हमले में फरीद को गंभीर चोटें आई हैं। मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है, हालांकि आरोपी की गिरफ्तारी अभी नहीं हो सकी है।

पहले भी दी थी जान से मारने की धमकी
फरियादी फरीद खान ने बताया कि आरोपी अमन का बड़ा भाई जिब्रान भी डेविड पुल क्षेत्र में अक्सर बैठता था और गेम खेलने के दौरान गाली-गलौज करता था। वह छोटे-मोटे खर्च उठाने का दबाव भी बनाता था। इसका विरोध करने पर करीब 10 दिन पहले आरोपी और उसके भाई ने जान से मारने की धमकी दी थी। उस समय मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर विवाद शांत कराया था।
फरीद के अनुसार, हमले के बाद आरोपी ने धमकी दी कि यदि आगे बड़े भाई से बदतमीजी की तो जान से मार देगा और मौके से फरार हो गया।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तलाश जारी
पुलिस ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश तेज कर दी है। घायल का उपचार जारी है और मामले की विवेचना की जा रही है।