PHQ के सामने ट्रक से संदिग्ध मांस जब्त, एक युवक हिरासत में, सैंपल जांच के लिए भेजे !

Spread the love

भोपाल।
राजधानी भोपाल में बुधवार रात करीब 12 बजे मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय (PHQ) के सामने एक ट्रक को हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने रोककर पुलिस के हवाले किया। ट्रक की तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में मांस के पैकेट बरामद किए गए हैं। संगठन के सदस्यों ने मांस को कथित रूप से गौ मांस बताते हुए आरोप लगाए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और नारेबाजी शुरू हो गई। इस दौरान गुस्साए लोगों द्वारा ट्रक में तोड़फोड़ भी की गई। स्थिति को देखते हुए मौके पर पहुंची जहांगीराबाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित किया और समझाइश दी।

सैंपल जांच के लिए भेजे गए

पुलिस ने ट्रक से बरामद मांस के सैंपल को जब्त कर पशु चिकित्सालय में सुरक्षित रखवाया है, जहां विधिवत जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मांस की प्रकृति स्पष्ट हो सकेगी।

एक युवक पुलिस के हवाले

हिंदू संगठन के सदस्यों ने एक युवक को मौके पर पकड़कर पुलिस को सौंपा है, जबकि एक अन्य संदिग्ध के भागने की जानकारी सामने आई है। पुलिस हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ कर रही है।

संगठन का दावा

हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने बताया कि उन्हें पिछले कई दिनों से सूचना मिल रही थी कि एक स्लॉटर हाउस में संदिग्ध मांस काटकर पैक किया जा रहा है, जिसे हैदराबाद और मुंबई के रास्ते विदेश भेजा जाता है। इसी सूचना के आधार पर कार्यकर्ताओं ने घेराबंदी कर ट्रक को रोका।

उन्होंने मामले में मांस तस्करी से जुड़े कथित मास्टरमाइंड के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस जांच जारी

पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने और तथ्यों की पुष्टि के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *