बीना से लगे मालथौन कस्बे में गुरुवार शाम करीब साढ़े पाँच बजे अचानक हड़कंप मच गया, जब वन विभाग की बिल्डिंग की छत पर एक महिला चढ़ गई और हाथ में रस्सी लहराते हुए फांसी लगाने की धमकी देने लगी। महिला लगातार वन विभाग के कर्मचारियों को अपशब्द कहती रही, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई और आसपास बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए।

स्थानीय लोगों के अनुसार, यह पूरा मामला वन विभाग की एक दिन पहले की गई अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई से जुड़ा है। हाईवे किनारे स्थित वन भूमि पर अतिक्रमण करने की कोशिश कर रहे कुछ लोगों को बुधवार को विभागीय टीम ने रोककर समझाइश दी थी। इसी कार्रवाई से नाराज़ होकर महिला ने गुरुवार को विभागीय भवन पर चढ़कर हंगामा शुरू कर दिया।

महिला लंबे समय तक छत पर खड़ी होकर रस्सी दिखाते हुए आत्महत्या की धमकी देती रही। कर्मचारियों ने तत्काल अधिकारियों को सूचना देकर बचाव प्रयास शुरू किए। काफी देर तक समझाइश देने के बाद वन विभाग की टीम महिला को सुरक्षित नीचे उतारने में सफल रही, लेकिन नीचे उतरते ही वह मौके से भाग गई। उसकी पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है।
वन विभाग अब अज्ञात महिला के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की तैयारी कर रहा है। रेंजर नितेश सोनी ने बताया कि घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई थी, लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुँची। उन्होंने बताया कि अतिक्रमण हटाने से बचने के लिए महिला द्वारा इस तरह का ‘ड्रामा’ किया गया। घटना के बाद क्षेत्र में वन भूमि पर अतिक्रमण को लेकर चर्चा तेज हो गई है।