सागर। समाधिस्थ आचार्य परम पूज्य विद्यासागर जी महाराज के अवतरण दिवस शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर श्री विद्या समय अवतरण महोत्सव समिति के तत्वावधान में भाग्योदय तीर्थ चिकित्सालय द्वारा कटरा तीन बत्ती स्थित मिनिसिपल स्कूल के बाहर निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक श्री शैलेंद्र कुमार जैन उपस्थित रहे। उन्होंने शिविर में सेवाएँ दे रहे चिकित्सकों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा रक्तदान कर रहे युवाओं को प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। विधायक ने कहा कि “परम पूज्य आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के अवतरण दिवस पर समाज द्वारा सेवा और मानवता का संदेश प्रेरणास्रोत है। रक्तदान और स्वास्थ्य सेवा उनके जीवन-संदेश ‘परहितार्थ’ की सजीव व्याख्या हैं।”
शिविर में भाग्योदय तीर्थ चिकित्सालय के प्रमुख चिकित्सक डॉ. नितिन जैन एवं डॉ. सौरभ चौधरी सहित डॉ. मधुर जैन, डॉ. सर्वेश जैन, डॉ. अतुल जैन और डॉ. रिचा जैन ने सेवाएँ प्रदान कीं। इस अवसर पर अपराजित योद्धा मददगार समिति और लायंस क्लब सागर ने सहयोग किया।
सैकड़ों नागरिकों ने स्वास्थ्य परीक्षण का लाभ उठाया और रक्तदान के इस महायज्ञ में भाग लिया। कुल 51 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। विधायक जैन और अन्य गणमान्यजनों ने प्रतिभागियों का सम्मान किया।