वैलेंटाइन डे पर राजधानी में विरोध तेज, संगठनों की चेतावनी के बीच पुलिस अलर्ट !

Spread the love

भोपाल में वैलेंटाइन डे के मौके पर विरोध का असर जमीन पर भी देखने को मिला। शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के कार्यकर्ता शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थल चिनार पार्क पहुंच गए। कार्यकर्ता हाथों में लट्ठ लेकर पार्क के बाहर जमा हुए और नारेबाजी की। संगठन के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि कोई जोड़ा आपत्तिजनक स्थिति में मिला तो उसका मुंडन कर विरोध दर्ज कराया जाएगा।

कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे भारतीय संस्कृति और मर्यादा के खिलाफ किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं करेंगे। उनका आरोप है कि वैलेंटाइन डे के नाम पर सार्वजनिक स्थानों पर अशोभनीय गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाता है, जो भारतीय परंपराओं के अनुरूप नहीं है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पार्क के बाहर पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी संगठन या व्यक्ति को कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। यदि कोई अवैध या हिंसक कार्रवाई करता है तो उसके खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

इसी क्रम में राष्ट्रीय बजरंग दल ने भी सख्त रुख अपनाया है। संगठन के प्रांत मंत्री राकेश प्रजापति ने सार्वजनिक रूप से चेतावनी जारी करते हुए कहा कि वैलेंटाइन डे के नाम पर अश्लीलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि कोई युवक-युवती सार्वजनिक स्थानों पर आपत्तिजनक स्थिति में दिखाई दिए तो उनका सिर मुंडवाकर मुंह काला किया जाएगा और जुलूस निकाला जाएगा।

राकेश प्रजापति ने तीखे शब्दों में कहा कि जहां भी अश्लीलता करते पाए गए, वहां कड़ी कार्रवाई की जाएगी। हालांकि प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि किसी भी प्रकार की जबरन कार्रवाई या सार्वजनिक अपमान की अनुमति नहीं दी जाएगी। पुलिस ने ऐसे बयानों को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी है।

वैलेंटाइन डे को लेकर विभिन्न संगठनों ने शहर में निगरानी की तैयारी की है। अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद और राष्ट्रीय बजरंग दल ने पाश्चात्य संस्कृति के प्रभाव का विरोध करते हुए सख्त कदम उठाने की घोषणा की है। वहीं संस्कृति बचाओ मंच ने शहरभर में 15 निगरानी दस्ते गठित करने का ऐलान किया है, जो होटल, मॉल, पार्क और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर नजर रखेंगे।

एक दिन पहले संगठनों ने ‘दंड पूजन’ कर प्रतीकात्मक विरोध दर्ज कराया। पदाधिकारियों का कहना है कि भारतीय संस्कृति में प्रेम मर्यादा और सम्मान से जुड़ा है, लेकिन पश्चिमी प्रभाव के कारण सार्वजनिक आचरण में गिरावट आ रही है। उन्होंने कहा कि वे सच्चे प्रेम या पारिवारिक मूल्यों के विरोधी नहीं हैं, बल्कि सार्वजनिक मर्यादा भंग करने वाली गतिविधियों के खिलाफ हैं।

संगठनों ने यह भी ऐलान किया है कि 14 फरवरी को राष्ट्रीय बजरंग दल की करीब एक दर्जन टीमें शहर के प्रमुख पार्कों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में तैनात रहेंगी। किसी भी आपत्तिजनक गतिविधि पर सार्वजनिक रूप से विरोध दर्ज कराया जाएगा।

उधर, संस्कृति बचाओ मंच ने होटल संचालकों को चेतावनी दी है कि वैलेंटाइन डे पर विशेष आयोजन न करें। मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि भारतीय संस्कृति और संस्कार देश की पहचान हैं। युवाओं से अपील की गई है कि वे वैलेंटाइन डे के बजाय अगले दिन पड़ने वाली महाशिवरात्रि पर भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा-अर्चना करें।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में शांति बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *