शादी की खुशियां मातम में बदलीं: बैराज में डूबकर दो चचेरे भाइयों की मौत !

Spread the love

छतरपुर। महाराजपुर थाना क्षेत्र के सिंघपुर बैराज डैम में दर्दनाक हादसा हो गया। शादी समारोह में शामिल होने जम्मू से गांव आए दो चचेरे भाइयों की डैम में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और शादी वाले घर की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। पुलिस और NDRF की टीम ने रातभर सर्च ऑपरेशन चलाया, जिसके बाद मंगलवार को दोनों युवकों के शव डैम से बाहर निकाले गए।

जानकारी के अनुसार ग्राम दीवान जी का पुरवा, मटौंधा निवासी गोरेलाल अहिरवार के घर शादी समारोह का आयोजन था। रिश्तेदारी में जम्मू से करीब 10 से 12 युवक शादी में शामिल होने गांव पहुंचे थे। सोमवार को सभी युवक घूमने और नहाने के लिए सिंघपुर बैराज डैम पहुंचे थे।

बताया गया है कि युवक डैम में नहा रहे थे, तभी 21 वर्षीय रोहित अहिरवार और 14 वर्षीय दुलीचंद उर्फ ओम अहिरवार अचानक गहरे पानी में चले गए। दोनों को डूबता देख साथियों ने शोर मचाया और मदद के लिए पुकार लगाई।

आवाज सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और युवकों की तलाश शुरू की, लेकिन तब तक दोनों पानी में लापता हो चुके थे। घटना की सूचना मिलते ही महाराजपुर थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। हालात की गंभीरता को देखते हुए देर शाम NDRF की टीम को बुलाया गया।

रातभर चला सर्च ऑपरेशन

NDRF और पुलिस की संयुक्त टीम ने रातभर डैम में सर्च ऑपरेशन चलाया। अंधेरा और गहरे पानी के कारण राहत कार्य में काफी दिक्कतें आईं, लेकिन टीम लगातार तलाश में जुटी रही। मंगलवार सुबह फिर से अभियान तेज किया गया, जिसके बाद दोनों युवकों के शव पानी से बाहर निकाले गए।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। शादी समारोह का माहौल अचानक मातम में बदल गया। परिवार के लोग रो-रोकर बेहाल हो गए।

“कुछ ही देर में सब बदल गया”

परिजन संजू अहिरवार और सोनू अहिरवार ने बताया कि परिवार में शादी की खुशियां थीं और सभी लोग उत्सव में शामिल थे। युवक सामान्य तरीके से नहा रहे थे, लेकिन अचानक हादसा हो गया।

उन्होंने बताया कि रोहित और ओम दोनों परिवार के बेहद करीब थे और उनकी मौत से पूरे परिवार को गहरा सदमा पहुंचा है। किसी को अंदाजा नहीं था कि खुशी का माहौल कुछ ही देर में शोक में बदल जाएगा।

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में हादसा डूबने से होना सामने आया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बैराज और डैम क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। खासकर गर्मियों में बड़ी संख्या में लोग नहाने और घूमने पहुंचते हैं, जिससे हादसों का खतरा बढ़ जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *