शाहपुर में युवक की मौत पर बवाल: हत्या के आरोप में चक्काजाम, गुस्साई भीड़ ने शराब दुकान में लगाई आग !

Spread the love

सागर जिले के शाहपुर पुलिस चौकी क्षेत्र में शनिवार सुबह उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब बरेठा बाबा की घाटी के पास सड़क किनारे एक युवक का शव मिलने की खबर फैली। मृतक की पहचान शाहपुर निवासी नीरज प्रजापति (38) के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने युवक की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया और सागर-गढ़ाकोटा मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब गुस्साई भीड़ ने शाहपुर स्थित शराब दुकान में तोड़फोड़ करते हुए आग लगा दी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया।

जानकारी के अनुसार नीरज प्रजापति शुक्रवार रात अपने साथी सूरज अहिरवार के साथ गढ़ाकोटा लाइट का सामान लेने के लिए निकले थे। आरोप है कि देर रात गढ़ाकोटा रोड पर बोलेरो वाहन से आए 10 से 12 लोगों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। इसके बाद दोनों के साथ गाली-गलौज करते हुए बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी गई। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने नीरज को इतना पीटा कि वह बेहोश हो गए, जबकि सूरज किसी तरह अपनी जान बचाकर मौके से भाग निकला।

शनिवार सुबह बरेठा बाबा की घाटी के पास सड़क किनारे नीरज का शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव मिलने की खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने आरोप लगाया कि शराब दुकान से जुड़े लोगों ने नीरज की हत्या की है। इसके बाद गुस्साए लोगों ने सागर-गढ़ाकोटा मार्ग पर चक्काजाम कर दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे।

हंगामे के दौरान भीड़ का गुस्सा इतना बढ़ गया कि लोगों ने शाहपुर स्थित शराब दुकान पर हमला बोल दिया। भीड़ ने दुकान में तोड़फोड़ की और आग लगा दी। आग लगने से दुकान में रखा सामान जलकर खाक हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाइश देकर स्थिति शांत कराई और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

घटना में घायल सूरज अहिरवार ने बताया कि देर रात बोलेरो वाहन से आए लोगों ने उन्हें रोककर पहले गाली-गलौज की और फिर दोनों के साथ जमकर मारपीट की। सूरज के मुताबिक हमलावरों ने नीरज को बेहोश होने तक पीटा। उसने आरोप लगाया कि मारपीट करने वालों में अंशुल, छोटू, भगवत और नीलेश समेत अन्य लोग शामिल थे। पुलिस अब इन आरोपों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

मृतक की पत्नी वंदना प्रजापति ने बताया कि नीरज घर से लाइट का सामान लेने निकले थे और जल्द लौटने की बात कहकर गए थे। वह अपना मोबाइल फोन भी घर पर ही छोड़ गए थे। देर रात तक वापस नहीं आने पर परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। शनिवार सुबह पुलिस से सूचना मिली कि नीरज बेहोशी की हालत में मिले हैं। जब परिजन मौके पर पहुंचे तो नीरज अर्धनग्न अवस्था में पड़े थे। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद शाहपुर पुलिस चौकी में भारी संख्या में लोग पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे। क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

एडिशनल एसपी लोकेश सिंहा ने बताया कि शाहपुर क्षेत्र में युवक का शव मिला है और उसके शरीर पर चोटों के निशान पाए गए हैं। परिजनों द्वारा हत्या का आरोप लगाया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद पूरे शाहपुर क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोग आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। वहीं पुलिस प्रशासन लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *