सागर डबल मर्डर से शाहपुर में उबाल: दूसरे युवक की मौत के बाद सड़क पर उतरे लोग, चौकी प्रभारी को हटाने की मांग !

Spread the love

सागर जिले के शाहपुर पुलिस चौकी क्षेत्र में दो युवकों की मौत के बाद हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। शराब माफियाओं की कथित मारपीट में घायल दूसरे युवक सूरज अहिरवार ने भी रविवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सूरज की मौत की खबर मिलते ही परिजन, रिश्तेदार और स्थानीय लोग आक्रोशित हो उठे। गुस्साए लोगों ने शाहपुर में सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे। प्रदर्शनकारियों ने शाहपुर चौकी प्रभारी को हटाने और उनके खिलाफ भी कार्रवाई करने की मांग उठाई। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाइश देकर शांत कराने का प्रयास किया।

जानकारी के अनुसार शाहपुर के वार्ड क्रमांक-7 निवासी नीरज प्रजापति (38) शुक्रवार रात अपने साथी सूरज अहिरवार (40) के साथ गढ़ाकोटा बिजली फिटिंग का सामान लेने गए थे। देर रात दोनों बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में बोलेरो वाहन से आए 10 से 12 लोगों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि शराब बेचने के शक में आरोपियों ने दोनों युवकों के साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। हमलावरों ने लाठी-डंडों, लात-घूंसों से दोनों को पीटा। इस हमले में नीरज गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही बेहोश हो गया था, जबकि सूरज किसी तरह जान बचाकर वहां से भाग निकला।

बताया जा रहा है कि आरोपियों ने नीरज को इतना पीटा कि उसकी मौके पर ही हालत बिगड़ गई। हत्या को सड़क हादसा साबित करने के उद्देश्य से आरोपियों ने नीरज का शव बरेठा बाबा की घाटी के पास सड़क किनारे फेंक दिया। शनिवार सुबह राहगीरों ने सड़क किनारे शव पड़ा देखा, जिसके बाद घटना की जानकारी पुलिस और परिजनों को दी गई। शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी।

उधर घायल सूरज अहिरवार किसी तरह घर पहुंचा था। परिजनों ने उसकी हालत गंभीर देखकर उसे अस्पताल में भर्ती कराया था। शनिवार को नीरज की मौत के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश देखने को मिला था और लोगों ने शाहपुर स्थित शराब दुकान में तोड़फोड़ कर आग लगा दी थी। वहीं रविवार को सूरज की भी इलाज के दौरान मौत हो जाने से लोगों का गुस्सा और बढ़ गया।

मौत से पहले सूरज ने पुलिस को दिए बयान में पूरी घटना की जानकारी दी थी। सूरज ने बताया था कि बोलेरो से उतरे लोगों ने पहले गाली-गलौज की और फिर पूरी रात दोनों के साथ मारपीट की। उसने आरोप लगाया कि हमलावरों ने नीरज को बेहोश होने तक पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई। सूरज ने अपने बयान में अंशुल, छोटू, भगवत और नीलेश समेत अन्य लोगों के नाम भी बताए थे। पुलिस ने सूरज के बयान के आधार पर पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। हालांकि घटना के दो दिन बाद भी मुख्य आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं, जिससे लोगों में नाराजगी बनी हुई है।

रविवार को सूरज की मौत की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीणों ने शाहपुर में शव रखकर मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारी लगातार आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग करते रहे। लोगों ने पुलिस प्रशासन पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया और शाहपुर चौकी प्रभारी को तत्काल हटाने की मांग की। प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

स्थिति बिगड़ती देख पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों से बातचीत की और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। काफी समझाइश के बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए और जाम समाप्त कराया गया। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

इस दोहरे हत्याकांड के बाद शाहपुर और आसपास के इलाकों में दहशत और गुस्से का माहौल है। स्थानीय लोग लगातार आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *