जैसीनगर में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा में भक्तिभाव, आस्था और अध्यात्म का अद्भुत संगम देखने को मिला। समस्त ग्रामवासियों की सहभागिता से सम्पन्न हुए इस आयोजन में कथा व्यास किशोरी वेदांगनी पांडे जी ने अपने भावपूर्ण एवं मधुर वाणी से श्रीकृष्ण की लीलाओं, भक्ति, धर्म एवं जीवन मूल्यों का दिव्य संदेश उपस्थित श्रद्धालुओं तक पहुँचाया। कथा के प्रत्येक प्रसंग पर उमड़े श्रद्धालुओं की भीड़ ने पूरे क्षेत्र को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।

इस पावन अवसर पर जनप्रिय युवा नेता आकाश सिंह राजपूत ने कथा स्थल पहुँचकर कथा श्रवण किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आध्यात्मिक आयोजन समाज को एकजुट करने का कार्य करते हैं और लोगों के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा व सद्भाव का संचार करते हैं। उनकी उपस्थिति से ग्रामीणों में उत्साह और अधिक बढ़ गया।
कथा स्थल पर कीर्तन, भजन और मंत्रोच्चारण की दिव्य ध्वनि, दीपों की रोशनी और श्रद्धालुओं की आस्था ने वातावरण को पूर्णत: भक्तिमय बना दिया। आयोजन के दौरान प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा का रसपान करने पहुंचे। सात दिनों तक जैसीनगर एक आध्यात्मिक उत्सव में डूबा रहा।
कथा के समापन अवसर पर कथा व्यास पांडे जी ने सभी ग्रामवासियों, अतिथियों और श्रद्धालुओं को आशीर्वाद प्रदान करते हुए उनके जीवन में सुख-शांति, समृद्धि और मंगल की कामना की।
इस दिव्य अनुष्ठान में राहुल घोषी, निरंजन राजपूत, आशुतोष तिवारी, छोटू विश्वकर्मा, लक्ष्मण पटेल, कार्तिक चैरसिया, दिवस सोनी, गजभान राजपूत, राहुल कुशवाहा सहित सैकड़ों ग्रामीणजन उपस्थित रहे और आयोजन को भव्यता प्रदान की।