मध्य प्रदेश के सतना जिले के तिवनी गांव में बुधवार सुबह एक दर्दनाक और रहस्यमयी घटना सामने आई। गांव के एक घर में पति-पत्नी के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। बंद कमरे के अंदर 45 वर्षीय रामनिवास कोरी का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला, जबकि उनकी 43 वर्षीय पत्नी शकुंतला कोरी मृत अवस्था में तख्त पर पड़ी मिलीं। घटना के बाद गांव में दहशत और चर्चा का माहौल है।
सूचना मिलने पर पुलिस और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शुरुआती जांच में मामला बेहद संदिग्ध नजर आ रहा है। पुलिस हत्या के बाद आत्महत्या और हार्ट अटैक, दोनों एंगल से जांच कर रही है।
सुबह खेत से लौटे पिता ने देखा खौफनाक मंजर
मृतक रामनिवास के पिता मंगल कोरी ने बताया कि वह मंगलवार रात खेत पर गए थे। बुधवार सुबह करीब 8 बजे जब वह घर लौटे तो उन्होंने बेटे और बहू को आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद जब कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई तो उन्हें अनहोनी की आशंका हुई।

इसके बाद उन्होंने पड़ोसी को बुलाया और किसी तरह घर का पीछे वाला दरवाजा खोला। जैसे ही वे अंदर पहुंचे, सामने का दृश्य देखकर उनकी चीख निकल गई। कमरे में रामनिवास का शव फंदे पर लटका हुआ था, जबकि पत्नी शकुंतला तख्त पर बेसुध पड़ी थीं।
शोर सुनकर घर की छत पर सो रहा उनका 18 वर्षीय बेटा जीशू भी नीचे आया। आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
कमरा अंदर से बंद, नहीं मिले चोट के निशान
पुलिस के अनुसार कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। मौके पर खून के निशान या संघर्ष जैसी कोई स्थिति नहीं मिली। दोनों शवों पर बाहरी चोट के स्पष्ट निशान भी नहीं पाए गए हैं।
इसी वजह से पुलिस इस मामले को बेहद सावधानी से जांच रही है। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।
दो एंगल पर जांच कर रही पुलिस
प्रारंभिक जांच में पुलिस दो संभावनाओं पर काम कर रही है। पहला, पति रामनिवास ने पहले पत्नी की गला घोंटकर हत्या की हो और बाद में खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली हो। दूसरा, पत्नी ने पति को फंदे पर लटका देखा और सदमे या हार्ट अटैक के कारण उनकी मौत हो गई हो।

हालांकि अभी तक किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद स्थिति अधिक स्पष्ट होगी।
दो दिन पहले ही घर लौटा था रामनिवास
मृतक के पिता मंगल कोरी के अनुसार, रामनिवास रीवा में एक व्यापारी के यहां ट्रक ड्राइवर का काम करता था। इसके साथ ही वह खेती-किसानी में भी परिवार का हाथ बंटाता था। वह दो दिन पहले ही घर लौटा था।
परिवार के लोगों का कहना है कि रामनिवास सामान्य व्यवहार कर रहा था और किसी तरह की परेशानी जाहिर नहीं की थी। इसी कारण परिवार को समझ नहीं आ रहा कि आखिर ऐसी घटना कैसे हो गई।
परिवार और गांव में पसरा मातम
घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों के अनुसार दंपति शांत स्वभाव के थे और किसी से उनका विवाद भी सामने नहीं आया था। अचानक हुई इस घटना ने सभी को हैरान कर दिया है।

घर में जवान बेटे के सिर से माता-पिता का साया उठ जाने से परिवार पूरी तरह टूट गया है। रिश्तेदार और ग्रामीण लगातार घर पहुंचकर परिवार को सांत्वना दे रहे हैं।
फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। मोबाइल फोन और अन्य परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है ताकि किसी भी संभावित कारण का पता लगाया जा सके।
अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि यह आत्महत्या, हत्या या किसी अन्य परिस्थिति का मामला है।