सनातन हिंदू एकता पद यात्रा से सागर लौटे मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, कार्यकर्ताओं ने किया आत्मीय स्वागत !

Spread the love

सागर, 17 नवंबर 2025।
श्री बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री के नेतृत्व में निकाली गई सनातन हिंदू एकता पद यात्रा में सहभाग कर लौटने पर मध्यप्रदेश शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत का सागर आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं व जनप्रतिनिधियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। मंत्री राजपूत की अगवानी के लिए कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और शहर में उनका जगह-जगह अभिनंदन किया गया।

कार्यकर्ताओं के मध्य अपने अनुभव साझा करते हुए मंत्री राजपूत ने बताया कि हिंदू एकता पद यात्रा उनके जीवन की स्मरणीय और ऐतिहासिक यात्रा रही। उन्होंने कहा कि यह यात्रा न केवल देश के पूर्व से पश्चिम और उत्तर से दक्षिण को जोड़ने वाली आध्यात्मिक पदयात्रा है, बल्कि भारतीय सनातन धर्म, संस्कृति, परंपरा और अध्यात्म के अद्वितीय स्वरूप का जीवंत प्रदर्शन भी है।

मंत्री राजपूत ने कहा कि यात्रा में लाखों सनातनियों ने एक साथ चलकर, भोजन कर, भजन-कीर्तन करते हुए यह संदेश दिया कि हिंदू-हिंदू भाई-भाई, जात-पात की करो विदाई। यह यात्रा देश की एकता-अखंडता का मजबूत संकल्प लेकर आगे बढ़ी। उन्होंने कहा कि भारत की सनातनी विरासत ने सदैव आक्रमणकारियों को परास्त कर सांस्कृतिक धरोहर की रक्षा की है और आज भी यह पद यात्रा उसी परंपरा की पुनर्स्थापना का प्रतीक है।

राजपूत ने कहा कि वर्तमान समय में यह यात्रा भारतभर के लिए शांति, सद्भाव और स्थायित्व का संदेश लेकर आई है और इससे देश एक सूत्र में संगठित होगा।

स्वागत कार्यक्रम में डॉ. सुखदेव मिश्रा, डॉ. वीरेन्द्र पाठक, भोले राजा, मुन्नालाला गोयल, मनीष पांडेय, ओम दुबे, रीतेश गर्ग, राजेश्वर सेन, हेमंत ठाकुर गेहूंरास, संजय सिंह, गगन ठाकुर, प्रेमसिंह, हीरेन ठाकुर सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में मंत्री राजपूत ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया और सनातन एकता एवं सामाजिक समरसता के संदेश को घर-घर पहुंचाने का आह्वान किया।

ब्यूरो रिपोर्ट रिपब्लिक सागर मीडिया !
संवाददता – अर्पित सेन
7806077338, 9009619237

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *