सागर।
शहर के सदर इलाके में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जर्दा रखने के एक गोदाम में करीब 6 फीट लंबा जहरीला कोबरा सांप घुस आया। यह घटना सदर क्षेत्र में स्थित राठौर बंगले के पास जर्दा गोदाम की है, जहां बोरियों के बीच छिपा बैठा कोबरा मजदूरों की नजर में आ गया।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को गोदाम में मजदूर नियमित रूप से जर्दा की बोरियां उठाने और व्यवस्थित करने का काम कर रहे थे। इसी दौरान जैसे ही एक मजदूर ने बोरी हटाई, उसे उसके पीछे छिपा सांप दिखाई दिया। अचानक सामने आए कोबरा को देखकर मजदूर घबरा गए। सांप ने भी फुफकार मारकर अपना आक्रामक रूप दिखाया, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया। जान का खतरा भांपते हुए सभी मजदूर तत्काल गोदाम से बाहर निकल आए।

घटना की सूचना तुरंत स्नेक कैचर बबलू पवार को दी गई। सूचना मिलते ही बबलू पवार मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। उन्होंने बताया कि सांप बोरियों के पीछे छिपा हुआ था, जिससे उसे पकड़ने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। सावधानी और सतर्कता के साथ रेस्क्यू करते हुए आखिरकार कोबरा को सुरक्षित पकड़ लिया गया।
स्नेक कैचर बबलू पवार के अनुसार, रेस्क्यू के दौरान पकड़ा गया कोबरा काफी पुराना और ताकतवर था। उसकी लंबाई करीब 6 फीट और वजन लगभग 10 किलोग्राम आंका गया। जैसे ही सांप को काबू में किया गया, वह गुस्से में जोर-जोर से फुफकार मारने लगा, लेकिन अनुभवी स्नेक कैचर ने उसे पूरी तरह नियंत्रण में कर लिया।

रेस्क्यू के बाद कोबरा को एक सुरक्षित स्थान पर ले जाकर जंगल में छोड़ दिया गया, जिससे न तो किसी व्यक्ति को नुकसान पहुंचे और न ही सांप को कोई क्षति हो। इस घटना के बाद गोदाम में काम करने वाले मजदूरों और आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली।
स्थानीय लोगों ने स्नेक कैचर बबलू पवार की तत्परता और साहस की सराहना की। वहीं, प्रशासन और जानकारों ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी सांप या अन्य वन्य जीव दिखाई दें, तो स्वयं जोखिम न उठाएं और तुरंत विशेषज्ञों या स्नेक कैचर को सूचना दें, ताकि किसी प्रकार की जनहानि से बचा जा सके।