सागर शहर में जलप्रदाय परियोजना व लीकेज कार्यों का व्यापक निरीक्षण, नागरिकों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने पर जोर !

Spread the love

सागर।
कलेक्टर श्री संदीप जी. आर. के निर्देशानुसार नगर निगम आयुक्त श्री राजकुमार खत्री द्वारा सागर शहर की जलप्रदाय परियोजना एवं शहर के प्रमुख मार्गों पर हो रहे लीकेज सुधार कार्यों का व्यापक निरीक्षण किया गया। इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य शहर में जल आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करना तथा नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित और नियमित पेयजल उपलब्ध कराना रहा।

निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त श्री राजकुमार खत्री के साथ एमपीयूडीसी (मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी) के सहायक परियोजना प्रबंधक श्री आकाश अग्रवाल, संबंधित संविदाकार तथा नगर निगम का संयुक्त अमला उपस्थित रहा। अधिकारियों ने शहर के मुख्य मार्गों के साथ-साथ विभिन्न वार्डों में पहुंचकर जल आपूर्ति लाइनों की स्थिति, पाइपलाइन से हो रहे रिसाव, गंदे पानी से संबंधित शिकायतों तथा तकनीकी खामियों का स्थल निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान पाइपलाइन लीकेज के कारण सड़कों पर फैल रहे पानी, दूषित जल की समस्या तथा जल आपूर्ति में आने वाली बाधाओं का बारीकी से जायजा लिया गया। अधिकारियों ने संबंधित तकनीकी टीम से प्रत्येक समस्या के कारणों की जानकारी ली और मौके पर ही आवश्यक सुधारात्मक कार्यों के निर्देश दिए। विशेष रूप से उन क्षेत्रों पर ध्यान दिया गया, जहां से नागरिकों द्वारा गंदे पानी की लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं।

नगर निगम आयुक्त श्री राजकुमार खत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर में चिन्हित सभी लीकेजों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्रता से ठीक किया जाए। उन्होंने कहा कि जल आपूर्ति से जुड़ी किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि मरम्मत कार्यों के दौरान आम नागरिकों को न्यूनतम असुविधा हो।

गौरतलब है कि मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी द्वारा सागर शहर में जलप्रदाय परियोजना का क्रियान्वयन किया गया है। इस परियोजना के अंतर्गत आधुनिक पाइपलाइन नेटवर्क बिछाया गया है, पुराने व क्षतिग्रस्त पाइपों को बदला जा रहा है तथा लीकेज सुधार के माध्यम से जल आपूर्ति प्रणाली को मजबूत किया जा रहा है। परियोजना का मुख्य उद्देश्य शहरवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराना है।

निरीक्षण के अंत में अधिकारियों ने संबंधित एजेंसियों को निर्देशित किया कि गंदे पानी की शिकायतों का त्वरित और प्राथमिकता के साथ निराकरण किया जाए तथा जल आपूर्ति व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। नगर निगम एवं एमपीयूडीसी के अधिकारियों ने विश्वास जताया कि इन सुधारात्मक कार्यों से सागर शहर की जलप्रदाय व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार होगा और नागरिकों को राहत मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *