मालथौन में भूपेन्द्र भैया ट्रॉफी का भव्य शुभारंभ, युवा नेता अविराज सिंह ने विकास, खेल और स्वदेशी पर दिया जोर !

Spread the love

मालथौन।
मालथौन क्षेत्र में आयोजित भूपेन्द्र भैया ट्रॉफी क्रिकेट टूर्नामेंट के शुभारंभ अवसर पर युवा नेता अविराज सिंह ने कहा कि 10 जनवरी को मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव खुरई प्रवास पर आ रहे हैं। ऐसे में क्षेत्र के सभी नागरिकों और युवाओं की जिम्मेदारी है कि मुख्यमंत्री के स्वागत की भव्य तैयारियों में सक्रिय भूमिका निभाएं।

अविराज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू हुए खेलो इंडिया कार्यक्रम और सांसद खेल प्रतियोगिता के माध्यम से देश में खेल संस्कृति को नई दिशा मिली है। आज हर खेल में उत्कृष्ट खिलाड़ी सामने आ रहे हैं, जो भारत का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर रहे हैं।

उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि भूपेन्द्र भैया ट्रॉफी क्रिकेट टूर्नामेंट ने अपने 12 वर्ष सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिए हैं और यह प्रतियोगिता बीते 12 वर्षों से लगातार आयोजित हो रही है। उन्होंने बताया कि इस टूर्नामेंट की मजबूत नींव और निरंतर प्रयासों का ही परिणाम है कि पिछले वर्ष आयोजित बुंदेली क्रिकेट लीग में, जिसमें बुंदेलखंड की 48 विधानसभा क्षेत्रों की टीमों ने भाग लिया था, भूपेन्द्र भैया 11 टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।

अविराज सिंह ने कहा कि इस टूर्नामेंट में हर वर्ष लगभग 5000 युवा खिलाड़ी भाग लेते हैं, जिससे क्षेत्र के युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच मिलता है। उन्होंने कहा कि 12 वर्ष पूर्व मालथौन क्षेत्र में लाइब्रेरी, जिम, बैडमिंटन कोर्ट और पार्क जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव था, लेकिन भूपेन्द्र भैया के सतत प्रयासों से आज क्षेत्र में अनेक आधुनिक पार्क और सुविधाएं विकसित हो चुकी हैं।

उन्होंने कहा कि कभी यह कल्पना भी नहीं की गई थी कि विधानसभा क्षेत्र में वाटर स्पोर्ट्स जैसी अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधा उपलब्ध होगी, लेकिन आज 18 करोड़ रुपये की लागत से इंटरनेशनल लेवल का वाटर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनकर तैयार हो चुका है। साथ ही शीघ्र ही विधानसभा क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्टेडियम का निर्माण भी होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकास के लिए निरंतर परिश्रम और सकारात्मक प्रयास आवश्यक हैं।

इस अवसर पर अविराज सिंह ने भूपेन्द्र भैया ट्रॉफी 2026 के भव्य शुभारंभ कार्यक्रम में स्टेडियम मैदान, बरोदियाकलां एवं एमसीसी मैदान, मालथौन में सहभागिता करते हुए खिलाड़ियों और दर्शकों का उत्साहवर्धन किया।

डिजिटल भारत पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि भारत ने डिजिटल भुगतान प्रणाली को इतनी मजबूती दी है कि आज इसका उपयोग फ्रांस, मॉरीशस, सिंगापुर और दुबई जैसे देशों में भी हो रहा है। इसके कारण अब लोगों को नकदी रखने की आवश्यकता नहीं रही और डिजिटल पेमेंट में भारत विश्व में नंबर एक बन चुका है।

नववर्ष के अवसर पर युवाओं से आह्वान करते हुए अविराज सिंह ने कहा कि हमें स्वदेशी अपनाने और स्वदेशी भारत के निर्माण का संकल्प लेना चाहिए। सोशल मीडिया के माध्यम से भारतीय उत्पादों को प्रमोट किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से राजनीति में आगे आने का आह्वान करते हुए कहा कि मेक इन इंडिया से मेक फॉर द वर्ल्ड का सपना तभी साकार होगा जब हम सभी मिलकर प्रयास करेंगे। इन्हीं प्रयासों का परिणाम है कि आज भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और जापान से भी आगे निकल गया है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश के हर रीजन में आयोजित की जा रही ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट से हजारों युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे, इसलिए युवाओं का कर्तव्य है कि वे मुख्यमंत्री के स्वागत कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाएं।

इसके पूर्व श्री त्यागी जी आश्रम, समसपुर (मालथौन) में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में शामिल होकर कथावाचक परम पूज्य पंडित हेमंत कृष्ण शास्त्री जी महाराज के विचारों को साझा करते हुए अविराज सिंह ने कहा कि हमारे धर्म में दान को सबसे बड़ा पुण्य कर्म बताया गया है और अहंकार से सदैव दूर रहने की शिक्षा दी गई है। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत उठाने के प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि अहंकार का अंत निश्चित है।

युवाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति में अपार शक्ति होती है, बस उसे पहचानने की आवश्यकता है, जैसे जामवंत जी ने हनुमान जी को उनकी शक्तियों का बोध कराया था। उन्होंने कहा कि जीवन में कम बोलना चाहिए, दूसरों की बात ध्यान से सुननी चाहिए और निरंतर कर्म करते रहना चाहिए। फल की चिंता किए बिना किया गया कर्म ही जीवन और समाज की प्रगति का मार्ग है।

इस कार्यक्रम में श्रीमती मीना देवी कुशवाहा न.प. अध्यक्ष बरोदियाकलां, नीतेश यादव मंडल अध्यक्ष बरोदियाकलां, अरविन्द लोधी मंडल अध्यक्ष मालथौन, प्रदीप दुबे न.प. उपाध्यक्ष, आरसी दुबे वरिष्ठ कार्यकर्ता सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पार्षद, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *