सागर जिले के गोपालगंज थाना पुलिस ने मंगलवार को जिला न्यायालय परिसर के पास दो युवकों को गिरफ्तार किया, जो देशी कट्टा और धारदार खंजर लेकर पहुंचे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हथियार जब्त कर मामला दर्ज किया है। घटना की जानकारी मिलते ही थाना पुलिस आरोपियों को घटनास्थल पर पैदल लेकर पहुंची और जांच की।
युवक को पीछा कर पकड़ा गया
जानकारी के अनुसार, जिला न्यायालय के पीछे पहलवान बब्बा मंदिर क्षेत्र में एक युवक संदिग्ध अवस्था में स्कूटी से जाता दिखाई दिया। पुलिस को देख वह भागने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने उसका पीछा किया और घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
आरोपियों की पहचान और हथियार बरामदगी
पुलिस पूछताछ में पहले युवक ने अपना नाम निखिल उर्फ निक्कू, पिता रामबाबू सोनी, उम्र 25 वर्ष, निवासी पुरव्याऊ टोरी बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।

इसी दौरान दूसरी ओर पुलिस ने एक अन्य युवक को भी संदिग्ध अवस्था में पकड़ा। उसके कब्जे से लोहे का धारदार खंजर जब्त किया गया।
न्यायालय परिसर में पेशी के दौरान पकड़े गए आरोपी
सीएसपी ललित कश्यप ने बताया कि दोनों आरोपी कोर्ट परिसर में पेशी के दौरान पहुंचे थे। पुलिस ने उन्हें थाने लाकर पूछताछ की और फिर घटना स्थल पर जाकर जांच की। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
आगे की कार्रवाई
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीएसपी ने कहा कि मामले के अन्य बिंदुओं पर भी विस्तार से जांच की जा रही है, ताकि पता लगाया जा सके कि आरोपी हथियार लेकर कोर्ट परिसर में क्यों आए थे और उनका उद्देश्य क्या था।