सागर फिल्म निर्माण का नया केंद्र बनने की ओर अग्रसर, फिल्म ‘मायरा’ के मुहूर्त के साथ आचरण फिल्म स्टेशन की ऐतिहासिक शुरुआत !

Spread the love

सागर में फिल्म निर्माण की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल करते हुए आचरण फिल्म स्टेशन के बैनर तले बनने वाली फिल्म ‘मायरा’ का मुहूर्त होटल वरदान के हाल में दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर समाजवादी नेता रघु ठाकुर ने फिल्म के निर्माता सुनील जैन एवं निधि जैन को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सागर में फिल्म निर्माण की दिशा में पहला ठोस प्रयास है, जो बुंदेलखंड की प्रतिभाओं को मंच देगा और सागर को फिल्म उद्योग के मानचित्र पर स्थापित करेगा।

रघु ठाकुर ने कहा कि सागर के अनेक कलाकारों ने मुंबई जाकर अभिनय के क्षेत्र में पहचान बनाई है, लेकिन अब आचरण फिल्म स्टेशन के माध्यम से सागर में ही फिल्म निर्माण की शुरुआत हुई है। फिल्म ‘मायरा’ (जर्नी टू डेथ) एक गंभीर विषय पर आधारित है, जिसके निर्देशक ताहिर हुसैन, नायक राहुल सिंह एवं नायिका कुमारी पूजा सिंह हैं। यह फिल्म बुंदेलखंड के ऐतिहासिक स्थलों—धमोनी, गढ़पेरा सहित पुराने किलों और महलों—को भी देश-दुनिया के सामने लाएगी, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने मध्य प्रदेश सरकार से फिल्म को विशेष अनुदान देने की मांग भी की।

फिल्म के निर्देशक ताहिर हुसैन ने अपनी भूमिका की जानकारी दी, वहीं अभिनेता राहुल सिंह ने कलाकारों का परिचय कराया। निर्माता सुनील जैन ने कहा कि बड़े विश्वास के साथ इस अभियान की शुरुआत की गई है और सागरवासियों के आशीर्वाद से सागर अभिनय के साथ-साथ फिल्म निर्माण में भी कीर्तिमान स्थापित करेगा। कार्यक्रम का संचालन राजेश पंडित ने किया तथा आभार श्रीमती निधि सुनील जैन ने व्यक्त किया।

इस अवसर पर सुरेंद्र सुहाने, सुलोचना मलैया, संजना झा, नम्रता पिंपलापुरे, मीनाक्षी जैन, रामकुमार पचौरी, पप्पू गुप्ता, अंकलेश्वर दुबे, महेश जाटव, प्रफुल्ल चौधरी, अविनाश जैन, प्रशांत मुकुल पुरोहित, विजय साहू, राजा सेन, सिंटू कटारे, भव्य जैन, दीप्ति जैन, कपिल श्रीवास, विकास श्रीवास्तव, संजय व्यास, मिथुन ज्योति, रविंद्र दुबे, काका आनंद दरिया, गौरव पचौरी, गोपाल पचौरी, राम गोपाल यादव, नितिन पचौरी, लालू कपूर सहित शहर के पत्रकार बंधु एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *