सागर जिले में गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को दिन का अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो लगातार दूसरे दिन इसी स्तर पर बना रहा। वहीं रात के तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई और न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बढ़ती गर्मी के कारण दोपहर के समय शहर की सड़कों पर सन्नाटा नजर आने लगा है।
ग्रामीण क्षेत्रों में तेज हवाओं के कारण खेतों में पड़ा भूसा और सड़कों पर पत्ते तथा कचरा हवा में उड़ता दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम शुष्क बना रहेगा और आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है।
18 मार्च तक ऐसा रहेगा मौसम
कृषि मौसम वैज्ञानिक राजेश खवसे के अनुसार 14 से 18 मार्च के बीच अधिकतम तापमान 37.4 से 38.8 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 15.7 से 16.8 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
इस दौरान वातावरण में अधिकतम सापेक्षिक आर्द्रता 56 से 61 प्रतिशत तथा न्यूनतम आर्द्रता 26 से 31 प्रतिशत रहने का अनुमान है। हवा की दिशा उत्तर-पूर्व से दक्षिण-पश्चिम की ओर रहने के साथ इसकी औसत गति करीब 5.8 किलोमीटर प्रति घंटे रहने की संभावना है।

किसानों को दी गई अहम सलाह
कृषि मौसम वैज्ञानिक राजेश खवसे ने किसानों को सलाह दी है कि नवंबर के अंतिम सप्ताह या दिसंबर के पहले सप्ताह में बोई गई गेहूं की फसल अब पकने की अवस्था में पहुंच चुकी है। ऐसे में किसान समय पर इसकी कटाई कर लें ताकि नुकसान से बचा जा सके।
इसके अलावा रबी मौसम की दलहनी और तिलहनी फसलें भी लगभग तैयार हो चुकी हैं। किसानों को इन फसलों की जल्द कटाई कर सुरक्षित भंडारण करने की सलाह दी गई है।
सब्जी फसलों में रखें विशेष निगरानी
गर्मी बढ़ने के साथ कीट प्रकोप की संभावना भी बढ़ जाती है। इसलिए किसानों को ग्रीष्मकालीन साग-सब्जी फसलों में नियमित सिंचाई बनाए रखने और भिंडी तथा बैंगन जैसी फसलों में प्रतिदिन कीटों की निगरानी करने की सलाह दी गई है।