सागर में बैंड वादक की गोली लगने से मौत पर उबाल, धानक समाज ने 50 लाख मुआवजा और नौकरी की मांग की !

Spread the love

मध्यप्रदेश के सागर में शादी समारोह के दौरान गोली लगने से बैंड वादक की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। घटना के विरोध में अखिल भारतीय धानक समाज संगठन ने शनिवार को पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और ज्ञापन सौंपा। संगठन ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, मृतक के परिवार को 50 लाख रुपए मुआवजा और एक परिजन को सरकारी नौकरी देने की मांग की है।

समाज के लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

रविवार को जिलेभर में ‘बैंड बंद’ का ऐलान

घटना के विरोध में संगठन ने रविवार को पूरे सागर जिले में ‘बैंड बंद’ (हड़ताल) का आह्वान किया है। पदाधिकारियों ने बताया कि शहर सहित जिले में किसी भी शादी या कार्यक्रम में बैंड पार्टी शामिल नहीं होगी। इसके साथ ही मृतक विवेक बंसल की स्मृति में कैंडल मार्च निकालकर श्रद्धांजलि दी जाएगी।

समाज के लोगों का कहना है कि यह केवल एक परिवार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की लड़ाई है और वे न्याय मिलने तक पीछे नहीं हटेंगे।

पिस्टल लहराते हुए पहुंचे आरोपी

ज्ञापन में बताया गया कि 12 फरवरी को मयंक सोनी के परिवार में शादी समारोह था। ‘श्रीराम धमाल’ बैंड की 16 सदस्यीय टीम कार्यक्रम में शामिल होने पहुंची थी। जब बारात गोलाकुआं क्षेत्र से गुजर रही थी, उसी दौरान अनमोल सोनी, प्रशांत पटेल सहित अन्य लोग समूह में पिस्टल लहराते हुए वहां पहुंचे।

गाना बजाने को लेकर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया। आरोप है कि इसी दौरान गोली चला दी गई, जिससे बैंड वादक विवेक बंसल गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

परिवार का इकलौता सहारा था विवेक

समाज के प्रतिनिधियों ने बताया कि विवेक बंसल आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से थे और वही अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनकी मौत से परिवार पर गंभीर आर्थिक संकट आ गया है। समाज में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है।

लोगों का कहना है कि शादी जैसे खुशियों के अवसर पर हथियार लहराने और गोली चलाने जैसी घटनाएं कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

पुलिस ने दिया सख्त कार्रवाई का आश्वासन

एडिशनल एसपी लोकेश सिंहा ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। उन्होंने कहा, “जांच के दौरान जो भी साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। वहीं समाज के लोगों ने स्पष्ट कर दिया है कि न्याय मिलने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। घटना ने शहर में शोक और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *